रानीखेत (अल्मोड़ा)। कारचूली क्षेत्र के उप राजस्व उपनिरीक्षक के स्थानांतरण की मांग को लेकर जनप्रतिनिधि मुखर हो गए हैं। जनप्रतिनिधियों ने पटवारी पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है। साथ ही कहा है कि पटवारी का कार्यकाल विवादों से भरा रहा है, जिससे ग्रामीणों को तमाम तरह की दिक्कतें हो रही हैं। संयुक्त मजिस्ट्रेट को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने तत्काल पटवारी स्थानांतरण करने की मांग उठाई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि उप राजस्व निरीक्षक की कार्यप्रणाली को लेकर कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन उनके व्यवहार में कोई भी तब्दीली नहीं आ रही है। ग्रामीणों के कार्य नहीं हो पा रहे हैं। आरोप लगाया कि उप राजस्व निरीक्षक का आचरण भी ठीक नहीं है। कहा कि शीघ्र उनका स्थानांतरण नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इधर संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडेय ने बताया कि मामले की जांच तहसीलदार के माध्यम से कराई जा रही है। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इसके अलावा वह जीरो ट्रांसफर पॉलिसी के बारे में भी पता कर रही हैं। ज्ञापन में बीडीसी सदस्य झलोड़ी नीरज तिवारी, प्रधान निर्मला नेगी, भानू प्रकाश पांडेय, दीप तिवारी, गौरव तिवारी, नंदन सिंह, राजेश कुमार के अलावा फल्द्वाड़ी, झलोड़ी, वन पंचायत सरपंच अम्याड़ी के हस्ताक्षर थे।