हस्तशिल्प कलाकर प्रमोद के साथ भाजपा के जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट।
- फोटो : GARUD
गरुड़ (बागेश्वर)। विकासखंड के अंतिम गांव लमचूला निवासी युवा हस्तशिल्प कलाकार प्रमोद ने रिंगाल और बगेट में नक्काशी से सुंदर कलाकृतियां बनाई हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी सोशल मीडिया पर उनकी सराहनाकी है है। प्रमोद का उत्साह बढ़ाने के लिए सीएम ने अपने प्रतिनिधि तौर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट को सोमवार को लमचूला गांव भेजा। सीएम के निर्देश पर भाजपा जिलाध्यक्ष बिष्ट ने प्रमोद को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। बिष्ट ने प्रमोद से 2500 रुपये में बागनाथ मंदिर की कलाकृति सीएम के लिए और 500 रुपये में रिंगाल से बनी लालटेन अपने लिए खरीदी।
प्रमोद के पिता सुरेश राम घर में रिंगाल से टोकरी, चटाई, मोस्ट, डुकुला, सूपे, डलिया बनाते हैं। इसका कारण प्रमोद का रुझान भी उस ओर हो गया। प्रमोद ने जीआईसी सैलानी से इंटर किया। इसी दौरान कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. हरीश चंद्र सिंह दफौटी ने उसकी पेंटिंग देखी तो उन्होंने उससे रिंगाल और बगेट से सुंदर कलाकृतियां बनाने को प्रेरित किया। डॉ. दफौटी की प्रेरणा और उनके निर्देशन में प्रमोद ने बगेट और रिंगाल में सुंदर कलाकृतियां बनाकर इसे अपना व्यवसाय बना लिया। अब वह बगेट से भगवान बदरीनाथ, बैजनाथ मंदिर, अनासक्ति आश्रम की कलाकृतियां बना रहा है। इन कलाकृतियों को बेचकर वह हर माह 10-15 हजार रुपये कमा रहा है। गांव के युवाओं को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर रहा है।