बागेश्वर। ग्राम पंचायत भेरूचौबट्टा में पेयजल आपूर्ति के लिए बनाई गई पेयजल लाइन खड़िया खान के मलबे से क्षतिग्रस्त हो गई है। क्षेत्र पंचायत सदस्य अनीता धौनी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने खान अधिकारी को ज्ञापन देकर क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत कराने की मांग की है।
बुधवार को खान अधिकारी कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने जिला खान अधिकारी को दिए ज्ञापन में बताया कि भैरूचौबट्टा गांव के लिए बनी पेयजल लाइन खड़िया खान का मलबा डालने से क्षतिग्रस्त हो गई है इससे गांव में 100 से अधिक परिवारों के सम्मुख पेयजल का संकट गहरा गया है। ग्रामीणों को पेयजल जुटाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने खान अधिकारी से पेयजल लाइन की मरम्मत कराने की मांग की है। इस मौके पर नवीन चंद्र, जगदीश चंद्र, हरीश चंद्र आदि मौजूद रहे।