प्रदेश के 17 महाविद्यालयों में संचालित स्व वित्त पोषित पाठ्यक्रमों को राज्यपोषित करने की मांग को लेकर छात्र छात्राओं का संघर्ष जारी है। कक्षाओं के सांकेतिक बहिष्कार के साथ ही स्थानीय पीजी कॉलेज के बीएड छात्र-छात्राओं ने अल्मोड़ा जिले के प्रभारी मंत्री डा. धन सिंह रावत से मुलाकात की। मंत्री ने मांग को लेकर सार्थक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मालूम हो कि स्वपोषित बीएड पाठ्यक्रमों को राज्यपोषित करने की मांग को लेकर स्थानीय पीजी कालेज के छात्र छात्राएं लंबे समय से आंदोलनरत हैं। छात्र छात्राओं का कहना है कि स्वपोषित बीएड का कोर्स करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। फीस काफी अधिक है, अब यह कोर्स दो साल का कर दिया गया है। जिसमें अत्यधिक फीस वहन करनी पड़ रही है। जबकि राज्यपोषित बीएड मात्र 12 हजार रुपये में हो जाता है। एकसूत्रीय मांग को लेकर छात्र छात्राओं ने पूर्व में धरना प्रदर्शन किया, हाथों में काले फीते बांधकर विरोध भी जताया। बाद में कक्षाओं का बहिष्कार भी किया। लेकिन स्थानीय विधायक करन माहरा के आश्वासन पर बहिष्कार वापस लिया। इसके बाद भी छात्र-छात्राओं का सांकेतिक विरोध जारी है। छात्र छात्राओं ने अल्मोड़ा में उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत से मुलाकात की और ज्ञापन देकर सार्थक कार्रवाई की मांग की। शिक्षा मंत्री ने सार्थक पहल का आश्वासन दिया है। इस मौके पर शिवालिका नेगी, नेहा, गीता, हरिप्रिया, प्रियंका कांडपाल, दीपा नगरकोटी, अंजलि, रिंकू, ललित कांडपाल, प्रकाश, योगेश आदि थे।