बागेश्वर। साल 2014 में स्थापित राजकीय महाविद्यालय दुग नाकुरी महाविद्यालय में स्थापना के 11 साल बाद भी स्नातकोत्तर की मान्यता नहीं मिल पाई। क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर की पढ़ाई के लिए अब भी जिला मुख्यालय जाना पड़ रहा है। स्नातक में भी विज्ञान विषय नहीं होने और बीए संकाय में इतिहास विषय की कमी से स्नातक के विद्यार्थी भी अन्य कॉलेजों में जा रहे हैं।
दुग नाकुरी क्षेत्र में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए महाविद्यालय की स्थापना तो की लेकिन महाविद्यालय में विद्यार्थियों के कई विषय उपलब्ध न होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को कॉलेज का लाभ नहीं मिल पा रहा है। लंबे समय से क्षेत्र के विद्यार्थी कॉलेज में स्नातकोत्तर के विषयों को स्वीकृति मिलने का इंतजार कर रहे हैं लेकिन कोई सुध नहीं ले रहा है। कॉलजे से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद विद्यार्थियों को स्नाकोत्तर की पढ़ाई के लिए क्षेत्र से 50 से 70 किमी दूर जिला मुख्यालय में पंडित बीडी पांडेय परिसर जाना पड़ रहा है। जहां विद्यार्थी रोजाना नहीं पहुंच पा रहे हैं। स्नातक के बीए संकाय में इतिहास विषय उपलब्ध नहीं होने से भी अधिकांश विद्यार्थी अन्य कॉलेजों पर निर्भर है। स्नातक में विज्ञान संकाय का संचालन न होने से विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को भी कॉलेज का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
.....कोट
स्नातक बीए में इतिहास विषय, विज्ञान संकाय और स्नातकोत्तर की मान्यता के लिए तीन साल से शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं मिली है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद ही संचालन किया जाएगा। - डॉ. हरिओम प्रकाश, प्राचार्य डिग्री कॉलेज दुग नाकुरी