सोमेश्वर में महिला और बाल विकास मंत्री रेखा आर्या को समस्या बताते सस्ता गल्ला विक्रेता।
- फोटो : ALMORA
सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। बौरारो सस्ता गल्ला विक्रेता जन सेवा समिति ने समस्याओं का समाधान नहीं होने पर नाराजगी जताई है। बृहस्पतिवार को समिति के पदाधिकारी महिला और बाल विकास मंत्री रेखा आर्या से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने एक मार्च से सस्ते गल्ले की दुकानों से राशन का वितरण ठप करने का एलान किया है।
उन्होंने कहा कि सस्ता गल्ला विक्रेता पिछले दस सालों से समस्याओं को लेकर सरकार को ज्ञापन देते आ रहे हैं लेकिन अब तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। पर्वतीय क्षेत्रों में सस्ता गल्ला विक्रेताओं को काफी कम ढुलान भाड़ा दिया जा रहा है, जबकि उससे काफी अधिक उनकी जेब से खर्च हो रहा है। उन्होंने सरकार के ऑनलाइन राशन वितरण करने के आदेश का विरोध किया और कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में इंटरनेट सेवा ठीक नहीं है। इसमें आए दिन गड़बड़ी रहती है। ऐसे में ऑनलाइन राशन वितरण करने में सस्ता गल्ला विक्रेताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने एक मार्च से सस्ता गल्ला राशन वितरण ठप करने का एलान किया। ज्ञापन देने वालों में समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र भाकुनी, सचिव लक्ष्मण सिंह मेहरा, सुरेंद्र सिंह, पप्पू रौतेला, रणजीत सिंह, महेश लोहनी, गुसाई राम, पुष्कर सिंह, केदार गिरी, प्रेम सिंह भंडारी, नंदन गिरी, देवेंद्र भंडारी, हरीश सिंह, प्रमोद सिंह, कैलाश चंद्र आदि शामिल हैं।