ग्रामीण संघर्ष समिति की ग्राम पंचायत दुगालखोला में हुई बैठक में वक्ताओं ने 13 ग्राम पंचायतों को नगर पालिका में शामिल करने का विरोध किया। उन्होंने ग्राम पंचायतों को जबरन पालिका क्षेत्र में शामिल करने पर चुनाव का बहिष्कार करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण किसी भी अधिकारी और जनप्रतिनिधि को गांव में घुसने नहीं देंगे।
उन्होंने कहा कि 13 ग्राम पंचायतों को नगर पालिका में शामिल करने से ग्रामीणों को कई टैक्स देने पड़ेंगे। इससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने 13 ग्राम पंचायतों को नगर पालिका क्षेत्र में शामिल करने की अधिसूचना को निरस्त करने की मांग की और कहा कि ग्राम पंचायतें किसी भी सूरत में नगर पालिका क्षेत्र में शामिल होना नहीं चाहती हैं।
यदि जबरन ग्राम पंचायतों को पालिका क्षेत्र सीमा में शामिल किया गया तो ग्रामीण चुनाव बहिष्कार को बाध्य होंगे। उन्होंने शासन-प्रशासन पर ग्रामीणों के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया।
अध्यक्षता योगी सुंदरनाथ और संचालन चंदन रावत ने किया। बैठक में ज्येष्ठ ब्लॉक उप प्रमुख महेश चंद्र, प्रधान मीरा देवी, रंजना टम्टा, रिंकू आर्या, डा. जेसी दुर्गापाल, रीता दुर्गापाल, अंबी राम, हरीश लाल, कमलेश तिवारी, नितिन गुरुरानी, निर्मला गुणवंत, मुन्नी बिष्ट, चंपा बिष्ट, आनंदी देवी, हंसी कांडपाल, पार्वती जोशी आदि मौजूद थीं।