अल्मोड़ा। दिल्ली के एक होटल में काम करने वाले भैंसियाछाना ब्लॉक के खांकरी गांव निवासी युवक की 15 दिन पहले करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि रेस्टोरेंट स्वामी ने उसे समय पर अस्पताल भी नहीं पहुंचाया और उसकी लापरवाही से उनके लाडले की मौत हो गई। मृतक के परिजनों को न तो रेस्तरां स्वामी ने और न ही दिल्ली सरकार ने कोई मुआवजा दिया। इससे परिजनों में गुस्सा है। इधर, पूर्व दर्जामंत्री बिट्टू कर्नाटक ने डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और सांसद अनिल बलूनी को ज्ञापन भेजकर परिजनों को आर्थिक सहायता और न्याय दिलाने की मांग की है।
भैंसियाछाना ब्लॉक के खांकरी निवासी सोबन सिंह (23) पुत्र चंदन सिंह दिल्ली लक्ष्मीनगर के विजय चौक (जी-87) में एक रेस्टोरेंट में काम करता था। परिजनों का आरोप है कि रेस्टोरेंट स्वामी की लापरवाही से 15 दिन पहले करंट लगने से सोबन की मौत हो गई। आरोप है कि रेस्टोरेंट स्वामी ने उसे समय पर अस्पताल भी नहीं पहुंचाया। इससे उसे नहीं बचाया जा सका। परिजनों ने खुद दिल्ली पहुंचने के बाद उसका पोस्टमार्टम करवाया लेकिन इसकी रिपोर्ट भी नहीं मिली है। मृतक को होटल स्वामी अथवा दिल्ली सरकार से कोई मुआवजा आदि भी नहीं मिला। वह परिवार का एकमात्र कमाऊ व्यक्ति था। इससे अब परिवार के सामने रोजीरोटी का भी संकट हो गया है। परिजनों का यह भी कहना है कि लॉकडाउन के कुछ समय बाद रेस्टोरेंट स्वामी ने कई बार फोन करके करीब एक माह पहले दिल्ली बुला लिया लेकिन करंट से मौत होने के बाद उसकी सुध नहीं ली।