गरुड़ में आक्रोशित पशु पालक एसडीएम कार्यालय के सामने गुस्सा जताते
- फोटो : GARUD
गरुड़ (बागेश्वर)। लौबांज न्याय पंचायत के गांवों में अज्ञात बीमारी से बकरियों का मरने का सिलसिला जारी है। बीमारी से 40 बकरियां मर चुकी हैं, जबकि कई पशुओं को पेचिस की समस्या है। आक्रोशित पशुपालकों ने शनिवार को एसडीएम कार्यालय के सामने हंगामा काटकर मामले में आजीविका परियोजना के आला अधिकारियों के के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने को कहा।
आजीविका परियोजना के अधिकारियों ने दिसंबर में लौबांज न्याय पंचायत क्षेत्र के पशुपालकों को आय बढ़ाने के लिए राजस्थानी प्रजाति की बकरियां दी थीं। जब से पशुपालकों को बकरियां मिलीं तब से स्थानीय प्रजाति और राजस्थान प्रजाति की बकरियां बीमार होने लगीं। अज्ञात बीमारी से न्याय पंचायत क्षेत्र के गांवों में 40 बकरियां मर गई हैं। कई बकरियों ने चारा और पानी लेना बंद कर दिया है। इससे आक्रोशित पशुपालक ने मामले में आजीविका परियोजना के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए एसडीएम कार्यालय के सामने हंगामा काटा। उन्होंने आजीविका परियोजना के आला अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। एडवोकेट जेसी आर्या ने आजीविका परियोजना के अधिकारियों से बकरियों को वापस ले जाने को कहा है। वहां जगदीश भंडारी, प्रमोद कुमार, देवकी देवी, भागुली देवी दीपा, पूजा, कमला, आनंद राम, बलवंत सिंह आदि पशुपालक थे। एसडीएम जयर्वधन शर्मा ने पशु चिकित्साधिकारी से न्याय पंचायत क्षेत्र के सभी पशुओं को टीका लगाने के निर्देश दिए है।