अल्मोड़ा। प्रसव के बाद धौलादेवी और महिला अस्पताल से गंभीर हालत में अल्मोड़ा जिला अस्पताल के लिए रेफर की गई एक प्रसूता की अस्पताल में मौत हो गई। प्रीमेच्योर नवजात की हालत भी नाजुक है।
धौलादेवी ब्लॉक के भैसाड़ी निवासी गर्भवती महिला ललिता (25) पत्नी नवीन प्रसाद को रविवार की सुबह प्रसव पीड़ा उठी। महिला को परिजन सीएचसी धौलादेवी लेकर पहुंचे। वहां के अस्पताल में करीब दो बजे महिला का प्रसव कराया गया, लेकिन सातवें माह में ही प्रीमेच्योर प्रसव के चलते बच्चे का वजन काफी कम था। महिला की तबियत भी बिगड़ने लगी। प्रसव के बाद नवजात और प्रसूता को पहले महिला अस्पताल और उसके बाद यहां से भी हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन दोनों को लेकर जिला अस्पताल अल्मोड़ा पहुंचे। प्रसूता को आईसीयू की जरूरत थी। इसके चलते जिला अस्पताल से भी डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। 108 भी बुलवा ली गई, लेकिन परिजनों ने हायर सेंटर हल्द्वानी जाने से इंकार कर दिया। काफी देर 108 में ही बैठने के बाद प्रसूता की सास और मामा ने हल्द्वानी जाने में असमर्थता जताई। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल के ही इमरजेंसी वार्ड में उपचार किया गया, लेकिन आईसीयू के अभाव में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने बताया कि प्रीमेच्योर शिशु की हालत भी गंभीर है। बच्चे का वजन काफी कम है। महिला को पहले से हृदय संबंधित बीमारी की आशंका जताई जा रही है। देर रात पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया।