अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ते जा रहा है। मंगलवार को जिले में दो और कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है। वहीं एक बार फिर एक ही दिन में ढाई सौ से अधिक मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
253 संक्रमित निकलने के साथ ही जिले में कुल मरीजों का आंकड़ा छह हजार के पार जा पहुंचा है। वहीं बेस अस्पताल के कोविड जांच लैब में भी जांच कराने वालों की भीड़ रही।
भूलगांव निवासी 73 वर्षीय बुजुर्ग, विवेकानंद पूरी खत्याड़ी निवासी 70 वर्षीय महिला और द्वाराहाट निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना से मौत हो गई। वहीं मंगलवार को सल्ट में 66, ताड़ीखेत में 17, धौलादेवी में 20, ताकुला में 16, भैंसियाछाना में दो, भिकियासैंण में 12, रानीखेत लोकल में 14, चौखुटिया में 19, स्याल्दे में छह, लमगड़ा में एक, द्वाराहाट में दो लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
अल्मोड़ा नगर के चौघानपाटा, थाना बाजार, धारानौला खत्याड़ी, चीनाखान, सदर बाजार, खोल्टा, जेल रोड, पोखरखाली, पुलिस लाइन, बख, नरसिंहबाड़ी, तल्ला जोशीखोला, मकेड़ी, कोसी, शीतलाखेत, कर्नाटक खोला, रैलाकोट, पांडेखोला, जाखनदेवी, सरकार की आली, लक्ष्मेश्वर, धार की तूनी आदि इलाकों में कुल 78 संक्रमित निकले हैं।
नए 253 मरीजों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 6131 पहुंच चुकी है, जिसमें से 4812 स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि जिले में 1266 एक्टिव मामले हैं। और 54 की मृत्यु हो चुकी है।
कोविड अस्पताल के चीफ नोडल अधिकारी डॉ. अजय आर्या ने बताया कि 240 बेड के अस्पताल में कुल 120 मरीज भर्ती हैं। जबकि लगभग 120 बेड ही खाली हैं। जबकि बेस अस्पताल के ही कोरोना जांच लैब में भी इन दिनों जांच करवाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है।