व्यापार मडंल की बैठक में जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) के विरोध का एलान किया गया। वक्ताओं ने डीडीए के विरोध में 25 फरवरी को प्रस्तावित प्रदर्शन में नगर के व्यापारियों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के व्यापारियों से भी प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
उन्होंने सर्वदलीय संघर्ष समिति के डीडीए के विरोध में 25 फरवरी को अल्मोड़ा में प्रस्तावित प्रदर्शन को समर्थन जताया। सभी व्यापारियों से दोपहर 12 बजे चौघानपाटा पहुंचने की अपील की गई। बैठक में व्यापार भवन के निर्माण पर भी चर्चा की गई। सभी व्यापारियों ने कहा कि व्यापार भवन के लिए पूर्ण सहयोग दिया जाएगा। विधायक रघुनाथ सिंह चौहान द्वारा विधायक निधि से पांच लाख और राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा द्वारा चार लाख रुपये सांसद निधि से देने के लिए उनका आभार जताया गया।
बैठक में व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष हरेंद्र वर्मा, अनूप गुप्ता, दीप साह, नगर अध्यक्ष भैरव गोस्वामी, दीप लाल साह, मनोज सिंह पवार, दीप जोशी, दिनेश चंद्र मठपाल, संजीव गुप्ता, चंपा जोशी, दीप चंद्र जोशी, नवीन वर्मा, प्रताप कनवाल, कमल कुमार गुप्ता आदि ने भाग लिया। संचालन जिला महामंत्री मनीष जोशी (मंटू) ने किया। अंत में वरिष्ठ व्यापारी व्यापारी दिनेश चंद्र साह के आकस्मिक निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की गई।
मजखाली में प्राधिकरण को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
रानीखेत (अल्मोड़ा)। जिला विकास प्राधिकरण का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। मजखाली क्षेत्रवासियों ने प्राधिकरण को लेकर प्रदर्शन किया। कहा कि प्राधिकरण के चलते ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गरीब ग्रामीण घर चलाने में पहले ही असमर्थ हैं, ऐसे में प्राधिकरण के कठिन प्रावधानों को वह लोग वहन नहीं कर सकते। अल्मोड़ा में प्रस्तावित विशाल विरोध रैली में शिरकत करने का भी निर्णय लिया गया।
रविवार को पहाड़ बचाओ, प्राधिकरण हटाओ संघर्ष समिति मजखाली के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। कहा कि ग्रामीण प्राधिकरण के चलते भवन बनाने के लिए मानचित्र तक जारी नहीं करवा पा रहे हैं, इसके अलावा भारी भरकम करों को भी वह लोग वहन नहीं कर सकते। संपूर्ण कार्यक्रम में केएस अधिकारी, पूर्व तहसीलदार हिम्मत सिंह अधिकारी, जफर अहमद, तनवीर अहमद, नीरज अधिकारी, जगदीश जलाल, मोहन अधिकारी, नजीर अहमद, हसीन, किशन अधिकारी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।