नगर से लगी तेइस ग्राम पंचायतों को पालिका में मिलाए जाने के खिलाफ ग्रामीण बारी-बारी से चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में धरने पर बैठ रहे हैं। शनिवार को बर्शिमी के ग्रामीणों ने गांधी पार्क में धरना दिया। धरना स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि सरकार जब तक अपना निर्णय वापस नहीं लेगी तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने जन प्रतिनिधियों के उदासीन रवैये पर नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को नगर पालिका क्षेत्र में शामिल किए जाने पर ग्रामीण जनता को भवन कर, जल कर समेत कई प्रकार के कर देने पड़ेंगे, जो ग्रामीण जनता के लिए संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका नगर की जनता को ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा पा रही है और ग्राम पंचायतों को पालिका क्षेत्र में मिलाए जाने पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ेगा। साथ ही प्रधान, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत सदस्य, युवक मंगल दल, महिला मंगल दल के पद समाप्त हो जाएंगे। इन प्रतिनिधियों के माध्यम से मिलने वाली धनराशि भी समाप्त हो जाएगी। धरने पर भाजपा उपाध्यक्ष जगत सिंह कनवाल, अमर सिंह मेहता, आशा रावत, रंजना टम्टा, मीरा देवी, गीता रावत, गोपुली देवी, दुर्गा देवी, कमला देवी, चंपा देवी, गंगा देवी, तारा देवी, कमला, कलावती, माया देवी, हर्ष कनवाल, सूरज सिराड़ी, तारा आर्या, मोहन रावत, प्रतोष पांडे, अंबी राम, आनंद सिंह कनवाल, भुवन सिंह बिष्ट, नवीन बिष्ट, मीरा देवी, रंजना टम्टा, हरीश कनवाल आदि बैठे।