अल्मोड़ा। दन्या पुलिस ने मंगलवार को बैरियर पर पिकअप वाहन संख्या यूके01सीए1134 से तिरपाल के नीचे छिपा कर रखा 120 टिन लीसा बरामद किया है। पूछने पर चालक रमेश चंद्र आर्या कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस ने चालक के खिलाफ धारा 26/42 वन अधिनियम और धारा 105 बीएनएसएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस का कहना है कि वाहन पकड़े जाने के कुछ ही मिनटों बाद एक व्यक्ति मौके पर पहुंचा। खुद को वन दरोगा बताते हुए वह लीसे का रवन्ना भरने लगा। पुलिस के अनुसार जब मौके की वीडियोग्राफी की गई तो वह मौके से गायब हो गया। इधर, वन विभाग का कहना है कि पुलिस की ओर से पकड़ा गया लीसा वैध है। लीसा डिपो ले जाया जा रहा था। टिनों की नंबरिंग नहीं की गई थी, इसलिए कागजी औपचारिकता अधूरी रह गई। फिलहाल इस मामले में वन विभाग और पुलिस विभाग आमने सामने हैं। दन्या थाना पुलिस इसे लीसे की अवैध तस्करी बता रही है जबकि वन विभाग का दावा है कि यह लीसा डिपो जा रहा था। बस टिनों पर नंबरिंग नहीं की गई थी। दोनों विभागों के दावों से यह सवाल उठ रहा है कि आखिर पकड़ा गया लीसा वैध है या अवैध।
वन विभाग ने आंतरिक जांच भी बिठाई
अल्मोड़ा। वन विभाग ने टिनों की नंबरिंग क्यों नहीं हो पाई इसके लिए आंतरिक जांच बैठा दी है।
कोट
माल लीसा डिपो जा रहा था। टिनों पर नंबरिंग नहीं की थी। मौके पर आरओ गए थे। इस मामले की जांच की जा रही है। वन संलिप्ता पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी। - प्रदीप धौलाखंडी, डीएफओ सिविल सोयम वन प्रभाग
कोट...2
लीसे के दस्तावेज नहीं थे इसलिए सीज किया गया है। पुलिस टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। - देवेंद्र पींचा, एसएसपी अल्मोड़ा