अल्मोड़ा से साइकिल रैली को रवाना करतीं डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ओर से राज्य में पहली बार क्लीन इंडिया-ग्रीन इंडिया के उद्देश्य को लेकर पंतनगर एयरपोर्ट से निकला साइकिल यात्री दल सोमवार की देर शाम अल्मोड़ा पहुंचा। मंगलवार की सुबह होली डे होम अल्मोड़ा में जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव, पंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक एसके सिंह, सिख रेजीमेंट के मेजर अरुण बलोरिया, स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के सचिव नॉर्दर्न रीजन एस के तोमर, ग्रुप कोआर्डिनेटर पूरन बृजवाल ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल यात्री दल को कौसानी के लिए रवाना किया।
साइकिल यात्री दल के अल्मोड़ा पहुंचने पर स्वागत किया गया। इस मौके पर सचिव एसके तोमर ने बताया कि इससे पहले तीन साइकिल यात्राएं निकाली गई हैं। उत्तराखंड राज्य में हम पहली बार साइकिल यात्रा पर निकले हैं। पंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक एसके सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए इस प्रकार के अभियान समय-समय पर चलाते रहती है।
इस वर्ष साइकिल यात्रा का उद्देश्य क्लीन इंडिया-ग्रीन इंडिया है। दल गांव-गांव, स्कूलों में स्वच्छता, पर्यावरण, शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाएगा। जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि इस तरह के अभियान समय-समय पर होने चाहिए। ग्रुप कोआर्डिनेटर पूरन बृजवाल ने बताया कि यात्रा कौसानी, बैजनाथ, कर्णप्रयाग, नंदप्रयाग, गोपेश्वर, गुप्तकाशी, तिलवाडा, धनोल्टी, मसूरी होते हुए 22 अप्रैल को देहरादून एयरपोर्ट पहुंच कर संपन्न होगी। दल में कुल 60 साइकिल यात्री दल शामिल हैं।