अल्मोड़ा। सोमवार को सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों को धता बताकर काफी संख्या में बिहारी मजदूर कलक्ट्रेट में एकत्र हो गए। जैसे ही प्रशासन के अधिकारियों को इसकी जानकारी मिली उनके हाथ-पैर फूल गए। एसडीएम सीमा विश्वकर्मा के निर्देश पर तहसीलदार संजय कुमार और कोतवाल अरुण वर्मा पुलिस बल के साथ कलक्ट्रेट पहुंच गए और उन्होंने बिहारी मजदूरों को वापस उनके कमरों को भेजा।
बताया गया है कि सुबह करीब 11 बजे यह अफवाह फैल गई कि बिहार के मजदूरों को उनके घरों को भेजने की व्यवस्था की जा रही है। देखते ही देखते कलक्ट्रेट में बिहारी मजदूरों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ गईं। एसडीएम सीमा विश्वकर्मा ने बताया है कि लगभग 750 मजदूरों ने बिहार जाने के लिए अपना नाम दर्ज कराया है लेकिन फिलहाल बिहार सरकार से कोई जवाब नहीं आया है। बिहार सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद ही इन मजदूरों को अल्मोड़ा से भेजा जा सकेगा। इसके अलावा नेपाल के भी लगभग एक हजार मजदूर वापस जाना चाहते हैं। वहां की सरकार से भी अभी तक कुछ सूचना नहीं आई है।