जागेश्वर धाम में पूजा के लिए लाइन में खड़े श्रद्धालू।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। नए साल के पहले दिन लोगों ने परिवार समेत मंदिरों में पूजा-अर्चना की और नए संकल्प लिए। इस दौरान चितई, जागेश्वर मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। चितई मंदिर में आयोजित भंडारे में लोगों ने प्रसाद भी ग्रहण किया। इस दौरान काफी संख्या में पर्यटक भी धार्मिक स्थलों में पूजा के लिए पहुंचे।
बुधवार सुबह से नगर से सटे कसारदेवी समेत चितई ग्वल देवता मंदिर और जागेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजा की और नए संकल्प लिए। होटल और रिजॉर्ट में रुके पर्यटकों ने भी नए साल में मंदिरों का रुख किया।
चितई मंदिर में दर्शन के बाद लोगों ने भंडारे में प्रसाद भी चखा। जागेश्वर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शंकर के दर्शन किए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने महामृत्युंजय जाप, रूद्राभिषेक आदि किया। व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की भी चाक-चौबद थी। इधर कसारदेवी और धौलछीना में भी काफी श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। धौलछीना के विमलकोट माता के मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की और सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान भंडारे का भी आयोजन किया गया था।