तहसील के सुदूर कुंवाली के मल्यालगांव में रविवार देर शाम वैगनआर कार अनियंत्रित होकर 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में जीआईसी कुलसीबी के लैब असिस्टेंट की मौत हो गई, जबकि एक शिक्षक और उसका मित्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को यहां राजकीय अस्पताल से हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलते ही एसडीएम एपी बाजपेयी ने अस्पताल में जाकर घायलों का हालचाल पूछा।
वैगनआर कार यूपी 21-2625 देर शाम गोलूछीना-श्रीखेत मोटर मार्ग से रानीखेत की तरफ आ रहे थे, लेकिन मल्यालगांव के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित होकर 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
दुर्घटना में जीआईसी कुलसीबी के लैब सहायक विकास बिष्ट पुत्र नरेंद्र बिष्ट 26 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीआईसी कुलसीबी में ही गणित के शिक्षक विनय राणा पुत्र पूरन सिंह राणा तथा उनके मित्र मानिला निवासी पवन टम्टा पुत्र आरसी टम्टा गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार खाई में गिरते ही वहां चीख पुकार मच गई। मल्यालगांव के ग्रामीणों की मदद से घायलों को डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद सड़क पर लाया गया। यहां से स्थानीय लोग अपने वाहनों के माध्यम से घायलों को रानीखेत राजकीय अस्पताल लाए। बताया गया है कि कार विनय राणा की थी।
तीनों लोग रानीखेत की तरफ आ रहे थे। राहत और बचाव कार्य में सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह बिष्ट, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष हीरा रावत, मनमोहन देव, हेम चंद्र, बसंत नेगी, उमेश बेदी, ललित बिष्ट सहित तमाम लोगों ने सहयोग किया।
भाजपा नेत्री ज्योतिशाह मिश्रा ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल पूछा। अस्पताल के वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. महेश टम्टा तथा वरिष्ठ फिजीशियन डा. आरके सागर ने बताया कि गंभीर चोटों के कारण दोनों घायलों को रिफर किया जा रहा है। एसडीएम एपी बाजपेयी ने बताया कि शव को खाई से निकाल लिया गया है। तहसीलदार उसका वहीं पंचनामा भरेंगे।