झांसी। आर्मी से रिटायर्ड कैप्टन के मकान से बदमाश रायफल, 30 कारतूस, जेवर व नकदी चोरी कर ले गए। बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने संदिग्ध कई लोगों से पूछताछ की है।
नवाबाद थानांतर्गत करगुवांजी की परिहार कालोनी में रिटायर्ड कैप्टन जवाहर सिंह अकेले रहते हैं। उनके बच्चे नौकरी करने की वजह से बाहर रहते हैं। नौ अक्तूबर की सुबह वह मध्यप्रदेश स्थित रतनगढ़ माता देवी के दर्शन करने गए थे। वहां वह रुक गए। रविवार की दोपहर करीब 12 बजे वह लौटकर घर आए। मुख्य दरवाजा खोलकर जब वह अंदर पहुंचे तो दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी। ताला भी टूटा पड़ा था। अंदर कमरे के अंदर पलंग और अलमारी में रखा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी के पास रखी उनकी पांच कारतूस से लोड रायफल गायब थी। कारतूस की दो डिब्बी भी गायब थीं। अलमारी के अंदर रखीं तीन सोने की अंगूठी और पांच हजार रुपये भी नहीं थे।
घर में चोरी होने की जानकारी उन्होंने अन्य लोगों को दी तो मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी आरबी सिंह यादव, विश्वविद्यालय चौकी इंचार्ज ओपी यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। सूचना पर उच्चाधिकारियों ने घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को लगा दिया है। कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। सेवानिवृत्त कैप्टन ने घटना की लिखित शिकायत पुलिस से की है।