जिले के भनोली इलाके में तैनात एक शादीशुदा शिक्षक ने पास के एक गांव की युवती को शादी का झांसा देकर अवैध संबंध बना लिए। कुछ दिन पहले इस युवती ने एक शिशु को जन्म दिया है।
शिक्षक के पहले से ही शादीशुदा होने की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित युवती ने शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है। राजस्व पुलिस ने धारा 376 के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
राजस्व पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक भनोली के निकट स्कूल में कार्यरत एक शिक्षक ने पास के गांव की 24 वर्षीय युवती को शादी करने का झांसा दिया और शारीरिक संबंध बना लिए। राजस्व पुलिस के मुताबिक आरोपी शिक्षक ने अपने शादी शुदा होने की बात भी युवती से छिपाई रखी और कई साल तक शारीरिक और मानसिक शोषण करता रहा।
इस बीच युवती गर्भवती हो गई और 15 दिन पहले उसने अपने घर पर ही एक शिशु को जन्म दिया। इस पर भी जब शिक्षक शादी से मुकरने लगा और उसके शादीशुदा होने की असलियत का पता लगा तो युवती ने उसके खिलाफ राजस्व पुलिस में मामला दर्ज करा दिया।
राजस्व पुलिस के मुताबिक आरोपी शिक्षक प्रकाश चंद्र जोशी के खिलाफ धारा 376 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवती की मेडिकल जांच के बाद मजिस्ट्रेट के सम्मुख 164 के तहत बयान भी दर्ज करा दिए गए हैं। राजस्व पुलिस आरोपी शिक्षक की तलाश कर रही है।