फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निर्माणाधीन विद्यालय परिसर में डंपर को लगाई आग

Thu, 18 Feb 2016 12:07 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, रानीखेत/अल्मोड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन
 नानीसार में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय आवासीय विद्यालय में मंगलवार की रात करीब 12 बजे अराजक तत्वों ने धावा बोल दिया। विद्यालय परिसर में खड़े डंपर में आग लगाने के साथ जेसीबी मशीन की वायरिंग जला दी। परिसर में माओवादी जनयुद्ध के पर्चे, पोस्टर और एक तमंचा मिला है।
विज्ञापन


हवाई फायर भी हुए। निकटवर्ती द्वारसों कस्बे में भी कई दुकानों के आगे जनयुद्ध, केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ लिखे पर्चे भी चस्पा किए गए हैं। फिर भी पुलिस-प्रशासन और खुफिया विभाग को भनक तक नहीं मिली। फिलहाल राजस्व पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ राजद्रोह, आगजनी सहित तमाम धाराओं में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रशासनिक अधिकारी भी इसे माओवादी घटना से जोड़कर देख रहे हैं। उधर, इस मुद्दे पर लंबे समय से आंदोलनरत उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी का कहना है कि ऐसी हरकतें कर कुछ लोग जान-बूझकर उनके आंदोलन को भ्रमित कर रहे हैं। स्पष्ट किया कि इन पर्चों से नानीसार बचाओ संघर्ष समिति का कोई लेनादेना नहीं है।
विज्ञापन


मंगलवार रात नानीसार में कुछ अराजक तत्व निर्माणाधीन चहारदीवारी को फांदकर विद्यालय परिसर में दाखिल हुए। वहां आगजनी और फायरिंग की। ये लोग माओवाद से संबंधित साहित्य, पर्चे, पोस्टर, भाकपा माओवाद का लाल झंडा और तमंचा फेंक गए।

 बताया गया है कि रात में तीन राउंड फायरिंग की गई। आवाज सुनकर कर्मचारी बाहर आए तो डंपर के टायर जल रहे थे, लेकिन वहां कोई नहीं था। कर्मचारियों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी। सुबह संयुक्त मजिस्ट्रेट विनय कुमार और तहसीलदार के नेतृत्व में वहां राजस्व टीम पहुंची।

भीतर जो भी पोस्टर बरामद हुए हैं, उनमें अपने हकों के लिए संघर्ष करो, जनयुद्ध तेज करो, उत्तराखंड को लालखंड में बदल दो। मार्क्सवाद, लेनिनवाद, माओवाद जिंदाबाद लिखा था। केंद्र और राज्य सरकार पर पूंजीपतियों को जमीनें कौड़ियों के भाव देने के आरोप से संबंधित पोस्टर भी फेंके गए थे।

प्रशासन ने वहां बरामद सभी सामग्री को कब्जे में ले लिया है। जिंदल समूह के राजपाल की तरफ से अज्ञात लोगों के खिलाफ 124 क, 153 ख, 435, 427, 447 धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत विनीत कुमार ने बताया कि रात्रि में नानीसार में फायरिंग होने की जानकारी मिली।

माओवाद से संबंधित पर्चे, पोस्टर बरामद होने की सूचना पर वह भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तहसीलदार मामले की जांच करेंगे। एलआईयू इंस्पेक्टर आईएस रावत ने माना कि उन्हें इस मामले की भनक रात को नहीं लगी। मामला सुबह पता चला।

नानीसार की जिस 353 नाली भूमि में अंतरराष्ट्रीय आवासीय विद्यालय बन रहा है, जिंदल समूह ने चारों ओर करंट वाले तार के साथ मजबूत हदबंदी की गई है। इसके बावजूद अराजक तत्वों का अंदर घुसकर आगजनी और फायरिंग करना आश्चर्यजनक है।

 प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि वहां सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगाए गए हैं। बाउंड्री के एक स्थान पर दीवार बन रही है। शायद अराजक तत्वों ने उसी दीवार का इस्तेमाल किया होगा। यह जांच का मामला है।

इस बीच नानीसार में अंतरराष्ट्रीय आवासीय विद्यालय बना रही हिमांशु एजूकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष अनिल जिंदल, प्रतीक जिंदल और व्यवस्थापक आकाशदीप ने कहा कि राज्य सरकार ने उन्हें कई शर्तों पर भूमि का आवंटन किया है। कहा कि स्कूल के साथ-साथ ग्रामीणों के लिए 10 बेड का अस्पताल भी बनेगा, जिसमें ग्रामीणों का मुफ्त उपचार होगा।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें