भैसाड़ी की महिला प्रधान के पति हरीश राम की हत्या के मामले में मृतक के भाई ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद और छह अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर विभिन्न संगठनों ने डीएम को ज्ञापन देकर हत्यारोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने और कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
मालूम हो कि 20 अप्रैल को भैसाड़ी की प्रधान गीता देवी के पति हरीश राम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसका शव ध्याड़ी में प्राथमिक पाठशाला के निकट मिला था। परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या की गई है हालांकि इस मामले में परिजनों की ओर से प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी। इधर मामले का खुलासा न होने पर लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। लोगों ने डीएम को ज्ञापन देकर हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि हत्यारोपी मामले को दबाने के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर सकते हैं। ज्ञापन देने वालों में शिल्पकार चेतना मंच, बची राम आर्य शिल्पकार कल्याण समिति, शिल्पकार संघर्ष समिति आदि संगठनों से जुड़े प्रमोद कुमार, आनंद प्रसाद, महिपाल प्रसाद, जगदीश प्रसाद, हीरा लाल आर्या, धीरज आर्या, अमित कुमार, बलदेव आर्या, मुकेश कुमार आदि शामिल थे। इधर दन्यां थाने के एसओ रमेश सिंह बोरा ने बताया कि इस मामले में मृतक के भाई ने नंदन सिंह, राम सिंह और पप्पू के अलावा छह अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।