पकडी बाजार के जुडीकुइयां में दुकान में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के जुड़ीकुइयां चौराहे पर मंगलवार की रात किराने की दुकान में आग लग गई। अगलगी से दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गए। ग्रामीणों ने अथक प्रयास से आग पर काबू पाया।
जुडीकुइया चौराहे पर कृष्णा जायसवाल किराए के मकान में किराने की दुकान चलाते हैं। मंगलवार की शाम को वह दुकान बंद कर थोड़ी दूर पर स्थित अपने घर चले गए। रात करीब 9 बजे उसके दुकान से धुआं निकलता दिखाई दिया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना कृष्णा को दी। मौके पर पहुंचे दुकानदार जब ताला खोलकर अंदर घुसा तो दुकान में रखा सामान जल रहा था। आनन-फानन में आसपास के लोग आग बुझाने में जुट गए।
ग्रामीणों ने अथक प्रयास से आग बुझाने में कामयाबी पाई। हालांकि तब तक दुकान में रखा सामान काफी हद तक जल गया था। पीड़ित के मुताबिक करीब तीन लाख के सामान आग की भेंट चढ़े हैं। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। प्रधान जहूर अहमद ने प्रशासन से पीड़ित को सहायता दिलाने की मांग की है।