रामनगर से देघाट जा रही कुमाऊं आदर्श मोटर सोसाइटी की बस तल्ली महरौली के समीप 20 फीट नीचे गधेरे में लुड़क गई।
दुर्घटना में चालक, परिचालक समेत 14 यात्री घायल हो गए। बारह यात्रियों का उपचार अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्याल्दे में चल रहा है जबकि गंभीर रूप से घायल चालक और परिचालक को रानीखेत रेफर कर दिया गया है।
मंगलवार शाम आदर्श मोटर्स की बस संख्या यूके 13-पीए-0012 रामनगर से देघाट जा रही थी। सायं करीब 3:30 बजे बस तल्ली महरौली में सड़क से करीब 20 फीट नीचे लुड़क गई।
यात्री चीखने और चिल्लाने लगे। ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से निकाल कर 108 के माध्यम से अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र स्याल्दें भर्ती करवाया गया।
घायलों में चालक आलम निवासी रामनगर, परिचालक विजय निवासी मौलेखाल, गोपुली देवी (62) निवासी तल्ली महरौली, प्रताप सिंह (70) तल्ली महरौली, विद्या रावत (28) मल्ली महरौली, तारा देवी (28) मयालगॉव, हेमा देवी (32) तल्ला घन्याल, दिपांशु (3) निवासी तल्ला धन्याल, हरीश चंद्र (35) निवासी भगवती किचार, जीवन सिंह (6) किचार, मंजू देवी (32) पीपलगॉव , हंसी देवी (35) कैहडगांव, ममता (6) कैहडगॉव , ललित (2) कैहड़गांव शामिल हैं।
डाक्टरों ने चालक और परिचालक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है जबकि 12 घायलों का स्याल्दे अस्पताल में उपचार जारी है।
उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार स्याल्दे शिवदत्त भट्ट दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे।
उधर घायलों का हालचाल जानने के लिए काफी लोग अस्पताल पहुंचे। यदि घटना एक किमी आगे अथवा कुछ पहले घटती तो बड़ी घटना हो सकती थी।