तहसील अंतर्गत आदिग्राम कनौंणियां से डेढ़ माह पहले लापता हुई महिला को राजस्व पुलिस ने बाजपुर से बरामद कर लिया है। उसे ले जाने वाला व्यक्ति पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया। बताया गया कि दोनों का संपर्क मोबाइल पर आई मिस्ड कॉल से हुआ था।
तहसील अंतर्गत आदिग्राम कनौणियां से गत 15 अप्रैल को गायब हुई महिला भावना देवी को राजस्व पुलिस ने बाजपुर पुलिस की मदद से मंगलवार को बाजपुर में एक कमरे से बरामद कर लिया। दोनों पिछले कई दिन से वहां किराए के मकान में रह रहे थे। छापेमारी में शामिल राजस्व निरीक्षक महेश चंद्र तिवारी ने बताया पूछताछ में महिला ने एक माह अलीगढ़ में रहने की बात कही है। महिला ने पुलिस को बताया संबंधित व्यक्ति से उसका संपर्क मोबाइल की मिस्ड कॉल से हुआ। वह आदमी के बुलावे पर गांव के निकट के बाजार मासी गई जहां वह कार लेकर आया था। महिला ने पुलिस को यह बयान दिया है कि संबंधित व्यक्ति ने उसे कुछ खिलाया जिससे वह बेहोश हो गई। रास्ते की उसको कोई जानकारी नहीं है।
राजस्व निरीक्षक तिवारी ने बताया कि गायब महिला का सुराग लगाने में चौखुटिया के उप जिलाधिकारी हेमंत वर्मा की अच्छी भूमिका रही। इस कार्य में बाजपुर पुलिस का भी सहयोग मिला। तिवारी ने बताया कि वह महिला को लेकर देर शाम तक गांव पहुंचेंगे। उसके बाद महिला से पूछताछ की जाएगी। महिला के तीन बच्चे हैं। जबकि पति दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है।
इन्सेट
फर्जी निकला सिम
महिला को भगाकर ले जाने वाले व्यक्ति का सिम भी फर्जी निकला। राजस्व पुलिस ने बताया उक्त व्यक्ति जिस नंबर से बातचीत कर रहा था वह सिम किसी दूसरे नाम से जारी हुआ था। पता लगाने पर उस नाम को कोई व्यक्ति नहीं मिला। राजस्व पुलिस महिला का सुराग लगाने के लिए मुरादाबाद, संभल और रामपुर आदि जगहों पर भी गई थी।