झांसा देकर मोबाइल से फोन कर एटीएम के पीछे का नंबर पूछने के बाद ठग ने नगर के एक सब्जी विक्रेता के एसबीआई खाते से इंटरनेट के जरिए 39,170 रुपये उड़ा लिए। बाद में जब सब्जी विक्रेता ने एटीएम में जाकर बैलेंस चेक किया तो उसके होश उड़ गए। पीड़ित व्यापारी ने घटना की प्राथमिकी थाने में दर्ज कराई है।
मालगांव निवासी मनोज सिंह बिष्ट की थाना बाजार में हनुमान मंदिर के पास सब्जी की दुकान है। शुक्रवार सुबह आठ बजे एसबीआई कर्मी बताकर एक व्यक्ति ने मनोज के मोबाइल पर फोन किया। इस व्यक्ति ने मनोज से कहा कि उनका मोबाइल लॉक हो गया है। वह उसे ठीक कर देगा। इसके लिए वह अपने एटीएम कार्ड के पीछे के चार डिजिट का नंबर बताएं। मनोज ने उस व्यक्ति को एटीएम के पीछे लिखा चार डिजिट का नंबर बता दिया। इसके बाद उस ठग ने फोन काट दिया।
कुछ देर बाद करीब 9:30 बजे मनोज ने एटीएम में जाकर बेलेंस चेक किया तो उनके होश उड़ गए। उनके एसबीआई के खाते से ठग ने 39170 रुपये उड़ा लिए। अब उनके खाते में मात्र 5.75 रुपये ही बचे थे। इसके बाद मनोज ने थाने जाकर घटना की तहरीर पुलिस में दी है।