द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। चोरों के हौसले फिर बुलंद हो चुके हैं। मल्ली मिरई ग्राम पंचायत के तोक डाना में चोरों ने सोमवार रात्रि दो बंद घरों के ताले तोड़ दिए। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। दोनों भवनों के स्वामी दिल्ली रहते हैं। उन्होंने फोन पर कुछ नकदी और जेवरात चोरी होने की बात कही है, मामले में अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
डाना मिरई में सोमवार की रात चोरों ने पनीराम पुत्र गुसाईं राम और दुर्गा राम पुत्र सदराम के बंद भवनों को निशाना बनाया। दोनों मकानों के ताले टूटे हुए हैं। भवन स्वामी दिल्ली में रहते हैं, जिसके चलते कितनी चोरी हुई है इसका अंदाजा नहीं लग पा रहा है, अलबत्ता दोनों परिवारों ने कुछ नकदी और जेवरात चोरी होने की बात कही है।
मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस टीम ने घटना स्थल का मुआयना कर लिया है। मामले की पड़ताल भी शुरू कर दी गई है। इधर पुलिस के एसआई बृजमोहन भट्ट ने ग्रामीणों से नकदी और जेवरात सोने वाले कमरे में रखने और बंद कमरों के भवन स्वामियों से अपने भवनों को किसी की सुपुर्दगी में रखने की अपील की है। साथ ही ग्रामीणों से संदिग्धों पर कड़ी नजर रख पुलिस को सूचना देने को कहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता नारायण सिंह रावत ने चोरियों की घटनाओं पर आक्रोश जताया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र के मकानों के ताले टूट रहे हैं, लेकिन पुलिस और राजस्व पुलिस ने अभी तक एक भी मामले का खुलासा नहीं किया है।