रानीखेत (अल्मोड़ा)। क्षेत्र में एक बार फिर वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले अराजक तत्वों का गिरोह सक्रिय हो गया है। दो दिनों के भीतर निकटवर्ती कुंपुर लालकुर्ती कस्बे में अराजक तत्वों ने पांच वाहनों के शीशे तोड़ डाले, जिसके चलते कस्बे में हड़कंप मचा हुआ है। खास बात यह है कि जिस स्थान पर वाहन तोड़े गए हैं, वहीं पर दमकल केंद्र और सेना का भवन भी है। मामले की तहरीर यहां थाने में दे दी गई है।
बता दें कि रानीखेत क्षेत्र में पूर्व में भी कई बार वाहनों में तोड़फोड़ हो चुकी है। राजपुरा क्षेत्र में ही अराजक तत्वों ने कई महंगे वाहनों के शीशे तोड़ दिए थे। रात के वक्त अराजक तत्व इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं। शनिवार और रविवार की रात कुंपुर लालकुर्ती में वाहनों में तोड़फोड़ के मकसद का पता नहीं है, अलबत्ता वाहनों से किसी भी तरह की चोरी नहीं हुई है।
मालूम हो कि स्थानीय लोग बड़ी संख्या में रात्रि के वक्त वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करते हैं। कैंट बोर्ड के सभासद संजय पंत ने बताया कि लालकुर्ती में वाहनों में तोड़फोड़ की यह पहली घटना है। उन्होंने बताया कि दमकल केंद्र के ठीक ऊपर इस तरह की घटनाएं हो रही है, इसके बावजूद किसी को भी पता नहीं चला। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच होनी चाहिए। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अराजक तत्वों को नहीं बख्शा जाएगा।