अल्मोड़ा। नेपाल के बंधारा गांव का निवासी 25 वर्षीय बुद्धि सिंह बूडा पिछले दो साल से लापता है। बड़ा भाई उसकी तलाश में यहां पहुंचा है और उसने बुद्धि सिंह के लापता होनी की तहरीर थाने में दी है।
नेपाल के बाजूरा जिले के बंधारा गांव निवासी मोती सिंह बूडा ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि उसका छोटा भाई बुद्धि सिंह बूडा दो साल पहले मजदूरी करने के लिए अल्मोड़ा आया था, लेकिन तब से उसका कोई पता नहीं है। जब अल्मोड़ा आकर उसने खोजबीन की तो पता चला कि वह दो साल पहले यहां एनटीडी में रहता था, लेकिन अब वह एनटीडी में भी नहीं है। बड़े भाई ने पुलिस से बुद्धि सिंह का सुराग लगाने की मांग की है। उसने बताया कि बुद्धि सिंह का दो साल पहले नेपाल में विवाह हुआ। उसके बाद वह मजदूरी करने अल्मोड़ा आ गया था, तब से घर नहीं लौटा है।