सोमश्वर (अल्मोड़ा)। स्कूटी में लिफ्ट लेकर घर जा रही बिजोरिया गांव निवासी 62 वर्षीय वृद्धा डंपर के चपेट में आ गई। वृद्धा का सिर डंपर के पिछले टायर से कुचल गया और मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने चालक समेत वाहन को कब्जे में ले लिया है।
बिजोरिया गांव निवासी पार्वती देवी (62) पत्नी स्व. शेर सिंह रविवार सुबह कौसानी किसी कार्य से आई थीं। घर लौटते वक्त पार्वती ने स्कूटी संख्या यूके-02-ए-822 में शिक्षक बहादुर सिंह भंडारी से लिफ्ट ली। बिजोरिया बैंड के पास सड़क में गड्डा होने पर स्कूटी असंतुलित हो गई और पार्वती सड़क पर गिर गई और बागेश्वर की ओर जा रहे डंपर संख्या यूके03-टीए-1028 के पिछले टायर के चपेट में आ गई। जिससे पार्वती की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर सोमेश्वर थानाध्यक्ष संजय गर्ब्याल, एसआई विशन लाल, अंकुर कांडपाल, पिंकी धामी, कांस्टेबल मनीष गोस्वामी मौके पर पहुंचे और डंपर को कब्जे में ले लिया है। डंपर को चंपावत निवासी शेखर नाथ गोस्वामी चला रहा था। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले में किसी ओर से प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है।