अल्मोड़ा। नगर पालिका प्रशासन ने मोबाइल कंपनी के खिलाफ अनुमति लिए बगैर केबल बिछाने के लिए सड़क खोदने की लिखित तहरीर थाने में दी है। पालिका ने कंपनी पर अनुमति के बगैर सड़क मार्ग क्षतिग्रस्त करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है।
इन दिनों मोबाइल कंपनी नगर क्षेत्र में धार की तूनी, सांई मंदिर, रानीधारा रोड को खोदकर केबल बिछाने का काम कर रही है। मंगलवार को पालिका के अधिशासी अधिकारी श्याम सुंदर प्रसाद ने नगर में बिना अनुमति के सड़क खोदने की तहरीर कोतवाली में दी है। कांग्रेस के प्रदेश सचिव त्रिलोचन जोशी ने आरोप लगाया है कि राजनीतिक दबाव के कारण नियमों को ताख पर रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ पर्यटन सीजन चरम पर है, दूसरी तरफ नगर की प्रमुख सड़कों को खोदकर नगर की सुंदरता को खराब किया जा रहा है। सड़क खोदने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उधर, कोतवाली पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है।