अल्मोड़ा। तीन दिन पूर्व जिला महिला अस्पताल में दिन दहाड़े महिला के बैग से पर्स चोरी करने वाला छात्र पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। इस मामले में पीड़ित महिला की ओर से कोतवाली में धारा-379 के तहत मुकदमा पंजीकृत था।
बुधवार 19 जून को महिला अस्पताल में इलाज कराने पहुंची लमगड़ा निवासी ममता के बैग में रखा रुपये से भरा पर्स गायब हो गया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी खंगालकर आरोपी राजेंद्र पांडे निवासी चिमार, धौलादेवी को गिरफ्तार कर लिया है।
उपनिरीक्षक नवीन जोशी ने बताया कि पर्स चोरने वाला एसएसजे परिसर में बीकॉम का छात्र है। उसने महिला के बैग से पर्स में रखे चार हजार रुपये नगद और आधार कार्ड चुरा लिया था। उन्होंने बताया कि राजेंद्र पांडे के कब्जे से 2800 रुपये नगद, पर्स और आधार कार्ड बरामद कर लिया गया है।