अल्मोड़ा। मासी बाजार में 15 लोगों ने एक महिला की दुकान में घुसकर उसके साथ अभद्रता की और सामान बाहर फेंक दिया। महिला की तहरीर के बाद पुलिस ने तीन नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मासी बाजार निवासी धाना देवी पत्नी नरेंद्र सिंह रावत ने अभद्रता करने वालों के खिलाफ चौखुटिया थाने में तहरीर दी है। धाना देवी का कहना है कि वह अपनी दुकान में अकेली बैठी हुई थी।
अचानक विशन सिंह रावत, आनंद सिंह रावत, दीवान सिंह रावत और अन्य अज्ञात 15 लोगों ने उनकी दुकान में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर पहली मंजिल से सारा सामान बाहर फेंक दिया। विरोध करने पर उन्होंने अभद्रता की। घसीट कर बाहर फेंक दिया और जान से मारने की धमकी देने लगे।
उन्होंने पहली मंजिल पर रखा सामान को बाहर फेंक दिया और छत को उखाड़ने का प्रयास करने लगे। उनका कहना है कि इन लोगों ने 10 लाख रुपये का सामान बर्बाद किया है। महिला का कहना है उन्होंने तीन साल में मकान के रखरखाव छह लाख रुपये खर्च किए थे।
उन्होंने यह रुपये दुकान का मालिकाना हक रखने वाले स्व.राम सिंह निवासी डोवरी के कहने पर लगाए। उनके पति 28 साल से इस मकान में दुकान चला रहे थे। घटना के बाद वह डर गई हैं। उन्होंने पुलिस से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।