अल्मोड़ा। नगर के टैक्सी स्टैंड के पास बनी पार्किंग की स्थिति को लेकर भाजपा पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने गंभीर आपत्तियां जताईं। उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद पार्किंग का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं किया गया है।
पार्किंग के निरीक्षण के दौरान पार्षदों ने कहा कि फर्श की सीमेंट परतें उखड़ गईं हैं, प्लास्टर जगह-जगह से गिर रहा है और फर्श पर सरिया दिखाई दे रहा है। इससे स्पष्ट होता है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही पार्किंग की छत पर शेड की व्यवस्था नहीं होने के कारण वाहन धूप और वर्षा में खुले में खड़े रहते हैं। अग्निशमन उपकरण नहीं हैं और वर्षा जल निकासी नालियां जाम हैं जिससे बरसात में पानी भर जाता है और कीचड़ फैल जाता है। भाजपा पार्षद अमित साह ने कहा कि जनता की सुविधा के लिए बनाई गई पार्किंग अब परेशानी का कारण बन गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि खामियों को जल्द ठीक नहीं किया गया तो डीएम को लिखित ज्ञापन देकर जांच की मांग की जाएगी। वहां पूर्व जिला उपाध्यक्ष कैलाश गुरुरानी, पार्षद अर्जुन बिष्ट, अभिषेक जोशी और कृष्णा सिंह आदि रहे।