रानीखेत (अल्मोड़ा)। पर्यटन नगरी में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले दो दिनों में 34 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मचा हुआ है। शिव मंदिर स्थित कैंट कालोनी में 22 नए लोग पॉजिटिव मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से कालोनी को तीन दिनों के लिए सील कर दिया है। संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर और होम आइसोलेट किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि 22 लोग शिव मंदिर कालोनी, आठ कैंट कार्यालय के कर्मचारी और चार अन्य स्थानों के लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शिव मंदिर स्थित कैंट कॉलोनी में पूर्व में कोरोना के पांच केस आए थे। इसके बाद से यहां सैंपलिंग कराई गई थी। शुक्रवार को कालोनी में 15 केस और शनिवार को सात लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बताया जा रहा है कि कैंट कार्यालय में भी आठ कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शनिवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडेय ने शिव मंदिर कैंट कालोनी का निरीक्षण किया। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने बताया कि एहतियात के तौर कैंट कालॉनी को फिलहाल तीन दिनों के लिए सील कर दिया गया है। यहां तीन दिन तक 10 परिवार सख्त होम क्वारंटाइन रहेंगे। प्रभारी तहसीलदार विवेक राजौरी ने बताया कि कैंट कालोनी के अलावा शनिवार को कई अन्य लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।