रानीखेत (अल्मोड़ा)। शनिवार की रात रानीखेत और ताड़ीखेत क्षेत्र में कोरोना के चार पॉजिटिव मामले मिलने के बाद से ही हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन की टीम ने जरूरी बाजार का एक हिस्से को पूरी तरह से सील कर दिया है। घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में एक फार्मासिस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जबकि पांडेकोटा और ऐरोली गांव सैकड़ों लोगों को सख्त होम क्वारंटीन किया गया है। सभी के सैंपल लिए जा रहे हैं। इधर जरूरी बाजार और रानीखेत बाजार में कैंट की टीम ने लगातार दूसरे दिन भी सैनिटाइजेशन अभियान चलाया।
शनिवार की रात रानीखेत और ताड़ीखेत में स्वास्थ्य कर्मियों सहित चार लोग कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इनमें से एक फार्मासिस्ट यहां घनी आबादी वाले जरूरी बाजार क्षेत्र में किराए पर रहते हैं। बताया जा रहा है कि इस बीच वह कई लोगों के संपर्क में थे, जिस कारण पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए नंदा देवी मार्ग से मिशन इंटर कॉलेज तक का इलाका सील कर दिया है। यहां लगभग 60 परिवार सख्त होम क्वारंटीन रहेंगे। इस दौरान इस क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद रहेगी। आवश्यक सामान की व्यवस्था भी मोहल्ले के अंदर ही की गई है। बता दें कि छह अप्रैल को जरूरी बाजार के पास ही खड़ी बाजार वाले इलाके को भी सील किया गया था। उधर, पांडेकोटा गांव में 200 से अधिक लोग होम क्वारंटीन हैं। जबकि पॉजिटिव निकले फार्मासिस्ट के कार्यक्षेत्र ऐरोली में भी कई लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। नायब तहसीलदार दलीप सिंह ने बताया कि सभी के सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
60 डॉक्टरों और कर्मचारियों के सैंपल जांच के लिए भेजे
अल्मोड़ा। गर्भवती महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद से ही नगर में स्वास्थ्य कर्मियों के सैंपल लेने का कार्य जारी है। सोमवार को नगर के जिला और महिला अस्पतालों में कुल 60 स्वास्थ्य कर्मियों के सैंपल लिए गए। वहीं अब भी अस्पताल में दो डॉक्टर एहतियातन सेल्फ क्वारंटीन में हैं।
शनिवार को हवालबाग ब्लॉक निवासी एक महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों महिला अस्पताल में गर्भवती का अल्ट्रासाउंड हुआ था, जिला अस्पताल में भी वह कुछ जांच करवाने पहुंची थी। गर्भवती महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से ही दोनों अस्पतालों में स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मचा रहा। अस्पताल पहुंचने वाले लोगों में भी डर का माहौल है। गर्भवती महिला के अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पहुंचने की सूचना के बाद से स्वास्थ्य कर्मियों के सैंपल लेने का कार्य जारी है। गर्भवती के अस्पताल आने की जानकारी पर दो महिला डॉक्टर एहतियातन सेल्फ क्वारंटीन में हैं। इस दौरान अब सोमवार को भी अस्पतालों में स्वास्थ्य कर्मियों के सैंपल लिए गए। जानकारी के अनुसार जिला और महिला अस्पताल में सोमवार को कुल 60 डॉक्टर, नर्स, वार्ड ब्वॉय आदि के सैंपल लिए गए। बताया जा रहा है कि पूर्व में रिपोर्ट निगेटिव आने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के भी फिर से टेस्ट करे जा रहे हैं।
जिला अस्पताल में नहीं हुए अल्ट्रासाउंड
अल्मोड़ा। जिला और महिला अस्पताल के दो डॉक्टर एहतियातन सेल्फ क्वारंटीन में हैं। जिला अस्पताल की रेडियोलॉजिस्ट के क्वारंटीन में रहने के कारण सोमवार को अस्पताल में अल्ट्रासाउंड नहीं हो सके। दूर-दराज क्षेत्रो से लोग अल्ट्रासाउंड कराने पहुंचे पर अल्ट्रासाउंड कक्ष बंद होने से लोगों को लौटना पड़ा। वहीं इससे पूर्व शनिवार को भी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड नहीं हुए थे। बताया जा रहा है कि अब मंगलवार को स्वास्थ्य कर्मियों की रिपोर्ट आएगी जिसके बाद से सभी कर्मी लौट सकेेंगे।की अल्मोड़ा-बागेश्वर वाया गरुड़ में दो, अल्मोड़ा-बागेश्वर वाया ताकुला में दो, अल्मोड़ा-अटपेसिया में तीन, अल्मोड़ा-हल्द्वानी में दस, अल्मोड़ा-मासी में दस, अल्मोड़ा-हल्द्वानी में छह, अल्मोड़ा-हल्द्वानी में आठ यात्रियों ने सफर किया।
बाजार और बैंकों में रही भीड़, सामाजिक दूरी का हुआ उल्लंघन
अल्मोड़ा। रविवार को साप्ताहिक बंदी के बाद सोमवार को खुले अल्मोड़ा बाजार में लोगों की भीड़ रही। इस दौरान बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन हुआ। इधर बैंकों में भी ग्राहकों की भीड़ रही।
नगर के लाला बाजार, चौक बाजार, कारखाना बाजार, कचहरी बाजार समेत विभिन्न बाजारों में सोमवार को चहल-पहल रही। इस दौरान रेडीमेड कपड़ा, मोबाइल, राशन, सब्जी, मेडिकल स्टोर में खरीदारी के लिए लोगों की लाइन लगी रही। सामाजिक दूरी के लिए दुकानों के आगे गोल घेरे बने हैं लेकिन ग्राहक गोल घेरों में खड़े न होकर जहां-तहां से खरीदारी कर रहे हैं। इससे सामाजिक दूरी का उल्लंघन हो रहा है। इधर रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को खुले बैंकों में भी ग्राहकों की भीड़ रही। बैंक के बाहर ग्राहकों की लंबी कतार लगी रही।
कानून व्यवस्था का सख्ती से पालन सुनिश्चित करवाएं: थानाध्यक्ष
सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। थानाध्यक्ष सोमेश्वर राजेंद्र सिंह बिष्ट ने ताकुला चौकी का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात पुलिस कार्मिकों और ताकुला क्षेत्र के ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी से कोविड-19 की रोकथाम, अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखें।
बाद में उन्होंने केवलानंद आश्रम ताकुला में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, टैक्सी यूनियन, व्यापार मडंल और ग्राम प्रधान संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। थानाध्यक्ष ने लोगों से अपराधों पर अंकुश लगाने, कानून और यातायात व्यवस्था सुदृढ़ बनाने में सहयोग करने को लेकर चर्चा की। साथ ही लोगों से सुझाव भी लिए। उन्होंने कहा कि मास्क लगाकर ही घर से बाहर निकलें। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। बाद में उन्होंने ताकुला चौकी के अंतर्गत पाटिया गांव में सड़क के दोनों ओर उगे भांग के पौधों को नष्ट करवाया।
ग्राम प्रधानों ने की पंचायतों में सोशल ऑडिट रोकने की मांग
बागेश्वर। ग्राम प्रधानों ने ग्राम पंचायतों में सोशल ऑडिट को फिलहाल रोकने की मांग की है। प्रधानों ने सोमवार को जिलाधिकारी रंजना राजगुरु को भेजे पत्र में कहा है कि बागेश्वर ब्लॉक के 12 ग्राम पंचायतों में सोशल ऑडिट की तैयारी चल रही है। ऑडिट होने से गांवों में कोरोना का खतरा बढ़ेगा। गांवों में बाहर से आने वाले लोगों को क्वारंटीन किया जा रहा है अथवा क्वारंटीन अवधि पूरा करने के बाद गांव में प्रवेश दिया जा रहा है। कहा कि सोशल ऑडिट करने वाली टीम विभिन्न गांवों में भ्रमण करने के बाद पहुंचेगी। जिससे कोरोना संक्रमण के फैलने की संभावना बढ़ जाएगी। महामारी को देखते हुए कुछ समय तक सोशल ऑडिट टालने से संक्रमण को फैलने से रोकने में मदद मिलेगी। कहा कि सोशल ऑडिट होने के कारण किसी व्यक्ति के संक्रमित होने की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में हड़बाड़ की प्रधान सुनीता देवी, खोली की प्रधान जीना परिहार, पंद्रहपाली की प्रधान दुर्गा देवी, अमसरकोट की प्रधान पुष्पा देवी, डोबा की प्रधान बसंती देवी आदि शामिल थे।
हर दिन लौट रहे हैं प्रवासी
बागेश्वर। लॉकडाउन के बाद से हर दिन जिले में प्रवासी पहुंच रहे हैं। कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को 84 प्रवासी बागेश्वर पहुंचे। इसमें बाहरी राज्यों से आने वाले 38 और विभिन्न जिलों के 46 प्रवासी शामिल रहे। जिले में अब तक 39712 प्रवासी आ चुके हैं। जिसमें से बाहरी राज्यों से आने वाले प्रवासियों की संख्या 23369 है। वहीं राज्य के विभिन्न जनपदों से आने वाले प्रवासियों की संख्या 16343 है। 37140 प्रवासी 14 दिनों की क्वारंटीन अवधि पूूूरी कर चुके हैं। शेष 2572 अलग-अलग क्वारंटीन सेंटरों में क्वारंटीन किए गए हैं।
श्रम विभाग ने करीब 400 श्रमिकों को राशन किट बांटी
बागेश्वर। श्रम विभाग ने पंजीकृत श्रमिकों को राशन किट बांटना शुरू कर दिया है। सोमवार को विभाग ने बागेश्वर और गरुड़ ब्लॉक के करीब 400 श्रमिकों को राशन किट बांटे।
जिला मुख्यालय स्थित श्रम विभाग कार्यालय में जिले के बागेश्वर, गरुड़ और कपकोट ब्लॉक के श्रमिकों को राशन किट बांटा जा रहा है। बताया गया है कि जिले को एक हजार किट मिले हैं। 13 किलो के किट में चावल, आटा, दाल और मसाले शामिल हैं। पहले दिन बागेश्वर और गरुड़ ब्लॉक के मंडलसेरा, डोबा चौहना, रवाईखाल, गागरीगोल, कुलाऊं के श्रमिक राशन किट लेने पहुंचे। बताया कि अगले दो-तीन दिनों में राशन किट जिले के सभी पंजीकृत श्रमिकों को बांटे जाएंगे।
29 लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर 6350 रुपये जुर्माना वसूला
सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। सोमेश्वर पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने पर 29 लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर 6350 रुपये जुर्माना वसूला है। पुलिस ने शराब पीकर उत्पात मचाने पर गोपाल सिंह को धारा 81 पुलिस अधिनियम में गिरफ्तार किया और 250 रुपये जुर्माना वसूला। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर नौ वाहनों का मोटर वाहन अधियिनम में चालान कर 5000 रुपये जुर्माना, बिना मास्क पहने और सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने पर 11 लोगों का चालान काटकर 1100 रुपये जुर्माना वसूला है।
पालिका कर्मचारियों को आयुष रक्षा किट वितरित किए
अल्मोड़ा। नगर पालिका कार्यालय में हुए कार्यक्रम में पालिका सभासद, अधिकारियों, कर्मचारियों, पर्यावरण पर्यवेक्षक, पर्यावरण मित्रों को आयुष रक्षा किट वितरित किए। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने सभी कर्मचारियों से स्वास्थ्य सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी प्रकार का नशा न करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी से मास्क का प्रयोग करने और सोशल डिस्टेंस का पालन करने को कहा।
नशा मुक्ति केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. अजीत तिवारी ने कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए लोगों से स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने और इम्यूनिटी बढ़ाने को कहा। उन्होंने बताया कि आयुष और आयुष शिक्षा विभाग द्वारा अब तक अल्मोड़ा में केवल 1500 आयुष रक्षा किट उपलब्ध कराए गए हैं। जिसमे से नगर पालिका को 300 रक्षा किट उपलब्ध कराए गए हैं। आयुष रक्षा किटो में आयुष रक्षा काढ़ा 300 ग्राम, अश्वगंधा वटी 30, संशमनी वटी 30 दवाओं की किट तैयार की गई है। यह इम्यूनिटी बढ़ाने में लाभप्रद है। इस मौके पर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्यामसुंदर प्रसाद, जिला आयुर्वेदिक और यूनानी कार्यालय के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजेंद्र पंत, सभासद आशा रावत, राजेंद्र तिवारी, दीपा साह, सौरभ वर्मा, मनोज जोशी, दीप्ति सोनकर, सफाई निरीक्षक लक्ष्मण सिंह भंडारी, पर्यावरण पर्यवेक्षक सुरेश केशरी, भूपेंद्र जोशी, मुकेश भंडारी, मनोज कर्नाटक, केएन पांडे, दीप चंद्र जोशी, जगदीश चंद्र, कपिल ऊषा, आशा, राजो आदि थे।