अल्मोड़ा। जिले के सल्ट तहसील के गेठिया गांव निवासी युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर बुधवार देर रात उसे अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके इलाज के लिए आठ सदस्यों की टीम तैनात की गई है। टीम में दो डॉक्टरों के अलावा स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं। युवक के संपर्क में रहे अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
कोरोना पॉजिटिव पाया गया युवक 11 मई को करीब 40 लोगों के साथ एक बस में सवार होकर गुरुग्राम से मोहान आया था। मोहान चौकी में स्वास्थ्य जांच में उसमें कोरोना के लक्षण मिलने पर उसे रानीखेत के नागरिक अस्पताल में भेज दिया गया था। उसी दिन उसका सैंपल लेकर जांच के लिए हल्द्वानी भेजा गया। बुधवार शाम उसके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। इसलिए उसे कोरोना अस्पताल अल्मोड़ा लाया गया। अस्पताल के प्रभारी के रूप में बेस अस्पताल के पीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी ने बताया कि युवक के इलाज के लिए दो डॉक्टर दो नर्स सहित आठ लोगों की टीम लगाई गई है।
युवक के संपर्क वाले लोगों का पता लगाना हुआ कठिन
अल्मोड़ा। कोरोना पाया गया युवक जिस बस में सवार होकर आया था। मोहान पहुंचने के बाद सभी लोग अपने गांवों को निकल पड़े। अब प्रशासन के लिए इस बस में आए अन्य लोगों को खोजना कठिन हो गया है। बताया है कि यह लोग सल्ट, मौलेखाल, चौखुटिया, मासी सहित कई अन्य अन्य इलाकों के रहने वाले हैं। यह भी आशंका है कि बस में आए कुछ अन्य लोग भी इस युवक के संपर्क में आकर कोरोना पॉजिटिव हो गए हों। इन लोगों के कारण कई अन्य लोगों को भी कोरोना हो सकता है।