अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ने लगी है। फरवरी के सापेक्ष मार्च में अब तक जिले में चार गुना से भी अधिक कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। हालांकि फिलहाल पिछले साल मई से इस साल जनवरी तक के औसतन आंकड़ों के अनुसार मार्च में भी 90 प्रतिशत कम संक्रमित पाए गए, लेकिन फिर भी मामले बढ़ने से दूसरी लहर का भय भी बढ़ने लगा है।
जिले में पिछले साल अप्रैल में कोरोना का पहला मामला सामने आया था। मई से लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी होती गई। जुलाई से दिसंबर तक कई बार कोरोना पॉजिटिव रिकॉर्ड किए गए। नए साल के साथ ही संक्रमण की रफ्तार कुछ हद तक धीमी पड़ी। जनवरी में 104 तो फरवरी में मात्र आठ लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। जिसके बाद से लोग कोरोना से राहत की सांस लेने लगे, लेकिन मार्च में एक बार फिर कोरोना ने रफ्तार पकड़ना शुरू कर दी।
अब तक जिले में 34 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। जबकि फरवरी में इससे चार गुना कम मात्र आठ मामले आए थे। हालांकि पिछले साल मई से जनवरी तक हर माह औसतन 350 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो रही थी। पहले के हिसाब से मार्च में मात्र 10 प्रतिशत ही मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन फिर भी फरवरी की सापेक्ष मामले बढ़ने से समस्या भी बढ़ने लगी है। सीएमओ डॉ. सविता ह्यांकी ने बताया कि कोरोना जांच के लिए सैंप्लिंग बढ़ाई जा रही है। संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।