फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सहकारिता से बढ़ाए जाएंगे रोजगार के अवसर : सीएम

Sun, 19 Jun 2016 10:34 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, अल्मोड़ा।
विज्ञापन
सहकारिता स्मारिका का विमोचन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा है कि सरकार उत्तराखंड राज्य आंदोलन की जनभावनाओं को मूर्त रूप देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि केवल नारे लगाने और चिंता जताने से नहीं बल्कि रोजगार के नए अवसर जुटाने और मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने से ही पलायन रुकेगा।
विज्ञापन


इसमें सहकारिता अहम भूमिका अदा कर सकती है। मुख्यमंत्री गुरुड़ाबांज में तीन दिनी सहकारिता कौतिक का शुभारंभ करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर सीएम ने 27 करोड़ लागत की 48 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।

सीएम रावत ने कहा कि सरकार ने दो साल के भीतर राज्य आंदोलन की भावना के अनुरूप कई महत्वपूर्ण काम किए हैं। केंद्र सरकार से बजट नहीं मिलने के बावजूद विकास की गति रुकने नहीं दी जाएगी। गरीबी दूर करने में सहकारिता मजबूत आधार है। इसे राजनीति के बजाए विकास के आंदोलन के तौर पर सभी को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बंजर खेतों को आबाद किए बगैर पहाड़ में खुशहाली नहीं आ सकती है। कृषि के विकास को सरकार हर संभव सहयोग कर रही है।
विज्ञापन


उन्होंने खेती को बढ़ावा देने के लिए सचिव सहकारिता विजय कुमार ढौडियाल को प्रभावी कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। सहकारिता मंत्री यशपाल आर्या ने कहा कि सरकार ने 2012 के बाद सहकारिता क्षेत्र में सराहनीय काम किया है। महिला और स्वयं सहायता समूहों को 23 करोड़ का ऋण मुहैया कराया है। इसके अलावा 1700 करोड़ का कृषि ऋण वितरित किया है। इस साल स्वयं सहायता समूहों को दिए जाने वाले ऋण की सीमा 50 करोड़ और कृषि ऋण को दोगुना से अधिक करने का लक्ष्य है। 

विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने पहाड़ के गांवों में पानी के बढ़ते संकट पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए सरकार को नीतिगत योजना तैयार करनी होगी। उत्तराखंड सहकारी बैंक के अध्यक्ष संजीव आर्या ने बताया कि सहकारिता के माध्यम से प्रदेश में आठ हजार स्वयं सहायता समूह पंजीकृत हैं।

जनसभा को सांसद प्रदीप टम्टा, संसदीय सचिव मनोज तिवारी आदि ने विचार रखे। डीसीबी अध्यक्ष प्रशांत भैसोड़ा ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती महरा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, दिनेश कुंजवाल मोहन सिंह महरा, मोहन सिंह सिंगवाल अर्जुन रौतेला, महेंद्र लुंठी, सुभाष बेहड़ आदि थे। 

अल्मोड़ा। गुरुड़ाबांज में हुई जनसभा में प्रदेश की खराब वित्तीय हालत पर मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से बजट नहीं मिलने से विकास कार्यों पर असर पड़ रहा है। यही हाल रहा तो कर्मचारियों का वेतन निकलना भी मुश्किल हो जाएगा। हालांकि, सरकार राज्य को वित्तीय रूप से अस्थिर नहीं होने देगी।

चाहे बैंकों के अलावा किसी भी अन्य स्रोत से धन का प्रबंध क्यों नहीं करना पड़े, लेकिन विकास योजनाओं की गति रुकने नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए केंद्र सरकार को राज्यों को उनका वाजिब हक देना ही पड़ेगा। भले ही बजट आवंटन में देरी हो जाए, लेकिन केंद्र सरकार इसे रोक नहीं सकती है।

अल्मोड़ा। जनसभा में विधानसभा अध्यक्ष और जागेश्वर के विधायक गोविंद सिंह कुुंजवाल ने विधानसभा क्षेत्र की समस्याएं सीएम के सामने उठाई। उन्होंने कहा कि बजट के अभाव में विधानसभा क्षेत्र की चार पंपिंग योजनाओं का काम प्रभावित हो गया है। सालों बाद वन भूमि की मंजूरी मिलने के बावजूद प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की एक दर्जन सड़कों का निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा है। इस पर मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भले ही केंद्र मदद नहीं कर रहा है, लेकिन किसी भी निर्माणाधीन योजना को रुकने नहीं दिया जाएगा।

अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, सहकारिता मंत्री यशपाल आर्या समेत अन्य अतिथियों का सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने गुरुड़ाबांज में जोरदार स्वागत किया गया। सहकारिता सचिव विजय कुमार ढौडियाल, संयुक्त निबंधक अजय कुमार शर्मा, उप निबंधक ईरा उप्रेती, नीरज बेलवाल, रामेंद्री मंद्रवाल, मुख्य कार्यक्रम समन्वयक अरविंद जोशी, महाप्रबंधक पीकेएस फत्र्याल आदि ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए।

इसके अलावा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी नेताओं का स्वागत किया। स्वागत करने वालों में दायित्वधारी राजेंद्र बाराकोटी, सिकंदर पवार, सहकारी बैंक के सदस्य राजेंद्र भट्ट, केवल सती, त्रिलोचन जोशी, बिशन सिंह गैड़ा, तारा दत्त पांडे, धन सिंह मेहता, हरीश जोशी, हारश बनौला, मनोज ओझा, पूरन सिंह, सतीश पंत, मदन भैसोड़ा, नरेंद्र बनौला, वीके पांडे, वीके भट्ट, शेर सिंह भैसोड़ा, बब्लू बोरा आदि थे।

अल्मोड़ा। 12 मद्रास रेजीमेंट के बैंड दस्ते ने गुरुड़ाबांज में मुख्यमंत्री की अगवानी की। दस्ते में शामिल जवान सीएम और अन्य अतिथियों को हेलीपैड से बैंड वादन कर समारोह स्थल तक लाए। इसके बाद उन्होंने सुमधुर धुनों से लोगों का मनोरंजन किया।
अल्मोड़ा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हरीश रावत काफी खुश नजर आ रहे थे और उन्होंने मंत्रिमंडल के सहयोगी यशपाल आर्या और अन्य नेताओं को भी काफी सम्मान दिया। फीता काट कर तीन दिनी कौतिक के शुभारंभ करने से लेकर मंच में केक काटने और संबोधन में उन्होंने साथी नेताओं की भी खूब तारीफ की। यही नहीं सीएम ने मंत्री यशपाल आर्या, विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, सांसद प्रदीप टम्टा, विधायक मनोज तिवारी, सहकारी बैंक के प्रदेश अध्यक्ष संजीव आर्या आदि को स्वयं ही केक भी खिलाया। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें