अल्मोड़ा। मडुवा और झंगोरा की खेती करने वाले जिले के किसानों के लिए अच्छी खबर है। स्टेट मिलेट मिशन योजना 2020-21 के अंतर्गत अब सहकारी संस्थाओं के माध्यम से सीधे किसानों से मडुवा और झंगोरा की खरीद होगी। इसके लिए जिले में आठ क्रय केंद्र बनाए गए हैं। एक अक्तूबर से क्रय केंद्र काम करना शुरू कर देंगे। सहकारी समितियां किसानों से मडुवा दो हजार और झंगोरा ढाई हजार रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदेंगी। इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा।
डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि अल्मोड़ा जिले में मडुवा और झंगोरा खरीद के लिए बहुउद्देश्यीय प्रारंभिक कृषि ऋण सहकारी समिति पनुवानौला, कोलदोड़म, महाकालेश्वर, गुदलेख, ताड़ीखेत, भैसड़गांव, कुवांली और स्याल्दे में क्रय केंद्र बनाए गए हैं। बताया कि उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ देहरादून ने मडुवा और झंगोरा की क्रय दरें निर्धारित की हैं। जिले के इन क्रय केंद्रों पर सहकारी समितियां किसानों से दो हजार रुपये प्रति क्विंटल की दर से मडुवा, दो हजार पांच सौ रुपये प्रति क्विंटल की दर से झंगोरा क्रय करेगी। बताया कि सहकारी समितियों के इन क्रय केंद्रों पर आगामी एक अक्तूबर से खरीद का कार्य शुरू हो जाएगा। इससे जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को मडुवा और झंगोरा का उचित मूल्य मिल सकेगा।