अल्मोड़ा। अंकिता भंडारी हत्याकांड के दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग के लिए जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले एकजुट पार्टी कार्यकर्ताओं ने शनिवार की शाम को नगर में कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अंकिता को न्याय दो, बेटी बचाओ बेटी को न्याय दिलाओ आदि नारे लगाए। चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क से निकला कैंडल मार्च माल रोड होते हुए शहीद पार्क में पहुंच कर संपन्न हुआ।
इस मौके पर विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रभावशाली आरोपियों को बचाने का कार्य कर रही है जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि सरकार ने जल्द से जल्द इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा नहीं दिलाई तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा की भाजपा सरकार ने शुरुआत से ही इस मामले में सच्चाई को दबाने और दोषियों को बचाने का काम किया है। कांग्रेस ने कहा कि जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। कैंडल मार्च में विधायक, जिलाध्यक्ष सहित नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, जिला महामंत्री जया जोशी, पूर्व पालिकाध्यक्ष शोभा जोशी, पूर्व दायित्वधारी पूरन सिंह रौतेला, केवल सती, तारा साह, गोपाल चौहान, विनोद वैष्णव, एनडी पांडे आदि मौजूद रहे।