टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन निर्माण को लेकर संघर्ष समिति ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। संघर्ष समिति ने कहा कि टनकपुर से बागेश्वर के लिए प्रस्तावित रेल लाइन के सामरिक महत्व की रेल लाइन होने के बावजूद इसका निर्माण नहीं किया जा रहा है। जब तक रेल लाइन निर्माण की कार्रवाई शुरू नहीं की जाती है उनका संघर्ष जारी रहेगा।
तहसील परिसर में संघर्ष समिति की अध्यक्ष नीमा दफौटी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि टनकपुर से बागेश्वर के लिए प्रस्तावित रेल लाइन का विशेष सामरिक महत्व है। इसके बावजूद इस रेल लाइन के निर्माण को अभी तक कोई तवज्जो नहीं दी गई है। सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने शीघ्र रेल लाइन के निर्माण की मांग उठाई। बैठक में जिले की चिकित्सा सुविधा, तहसीलों में रिक्त चल रहे तहसीलदारों सहित अन्य पदों को शीघ्र भरने की मांग उठाई।
बैठक में अन्य समस्याओं पर भी विचार विमर्श किया गया। इसके बाद मांगों की लगातार हो रही अनदेखी के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। बैठक में उपाध्यक्ष केवल सिंह डियोड़ी, महासचिव खड़क राम आर्या, हयात सिंह मेहता, डुंगर सिंह नेगी, गिरीश चंद्र पाठक, डॉ. प्रताप सिंह गढ़िया, केशवानंद जोशी, नरसिंह खेतवाल, महेंद्र पिलख्वाल आदि थे।