आतंकियों के खिलाफ सर्च आपरेशन करते सैनिक।
- फोटो : अमर उजाला
चौबटिया सहित आसपास के क्षेत्रों में भारतीय-अमेरिकी सैनिकों का संयुक्त युद्धाभ्यास जारी है। फील्ड ट्रेनिंग के माध्यम से दोनों देशों के सैनिक आतंकी ठिकानों पर हमले और विद्रोहियों के वारों को नाकाम करने की रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं। कक्षाओं के माध्यम से सैनिकों को आईईडी जैसी आधुनिक तकनीक से विस्फोटक सामग्री तैयार करने के तरीके भी सिखाए जा रहे हैं।
सैन्य सूत्रों के अनुसार इन दिनों युद्धाभ्यास के लिए भारतीय-अमेरिकी सैनिकों को गहन जमीनी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल करने की तकनीक साझा की जा रही है। इसके अलावा जंगलों में गड्ढों को पार करना, रस्सियों के माध्यम से गहरी खाइयां लांघने सहित तमाम गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसके अलावा आईईडी जैसे आधुनिक तकनीक से विस्फोटक सामग्री तैयार करने, आतंकी ठिकानों को नष्ट करने की विभिन्न तकनीकों का भी आदान-प्रदान हो रहा है। सैनिक सूत्रों के अनुसार आतंकवाद के खिलाफ जमीनी लड़ाई में भारत का कोई मुकाबला नहीं है। भारत के कई राज्यों में इस तरह की गतिविधियों से भारतीय सेना हमेशा जूझती रहती है। युद्धाभ्यास के बाद फुर्सत के क्षणों में सैनिक क्षेत्र का भ्रमण करते देखे जा रहे हैं।