जिला सहकारी बैंक सभागार में लोनिवि के अधिकारियों की बैठक लेते सांसद अजय टम्टा।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। सांसद अजय टम्टा ने राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई और लोनिवि के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में निर्माणाधीन और प्रस्तावित सड़कों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन सड़कों का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
डीसीबी सभागार में हुई बैठक में उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के स्वीकृत कार्यों को जल्द पूर्ण करने को कहा। उन्होंने कहा कि क्वारब पुल, क्वारब से गगास तक स्वीकृत मार्ग के सुधारीकरण, डामरीकरण के लिए सरकार ने 65 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। इसके अतिरिक्त रौल बैंड से दन्या, बसभीड़ा से मेहलचौरी सड़क के डामरीकरण और सुधारीकरण के लिए क्रमश: 24 करोड़ और 22 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। इन सड़कों में भी कार्य जल्द शुरू किया जाए।
एनएच के अधिकारियों ने बताया कि लॉकडाउन की वजह से ठेकेदार को मजदूर नहीं मिल पाने के कारण निर्माण कार्यों में विलंब हो रहा है। जल्द कार्य पूर्ण करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन मोटर मार्गों की गुणवत्ता और निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर भी सांसद ने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
सांसद ने चाण मार्ग के लिए धन की उपलब्धता के बाद भी पुल का निर्माण नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। केंद्रीय सड़क निधि में भी मोटर मार्गों के निर्माण और सुधारीकरण को प्रस्ताव बनाकर शासन के माध्यम से भारत सरकार को भेजने के निर्देश दिए।
जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष ललित लटवाल ने अल्मोड़ा शहर और आसपास की सड़कों की बदहाल स्थिति की ओर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने कहा कि सरकार सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए बजट दे चुकी है। क्वारब-पेटशाल मोटर मार्ग 2007 से स्वीकृत है पर अब तक कोई प्रगति नहीं हुई है। वन विभाग और लोनिवि को संयुक्त प्रयास कर वन भूमि की स्वीकति दिलाकर काम शुरू करना चाहिए।