अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री के औद्योगिक सलाहकार डॉ. केएस पंवार ने सर्किट हाउस में अधिकारियों की बैठक लेकर विकास योजनाओं और मुख्यमंत्री की घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। निर्देश दिए कि सीएम द्वारा विकास के लिए की गई घोषणाओं को गुणवत्ता के साथ निश्चित समय में पूरा करें। अधिकारियों से कहा कि जनता और जनप्रतिनिधियों से संवाद रखें।
उनके द्वारा उठाई गईं समस्याओं का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि सीएम की जो घोषणाएं शासन स्तर पर लंबति हैं, उन्हें शासन स्तर पर वार्ता कर पूर्ण कराने का प्रयास किया जाएगा। लोनिवि से संबंधित सड़कों की घोषणाएं वन भूमि हस्तांतरण के कारण शुरू नहीं हो पाई हैं।
इसके लिए प्रभावी पहल की जाएगी। पेयजल विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में जनता को पेयजल किल्लत नहीं हो, इसका अधिकारी ध्यान रखें। उन्होंने लोनिवि पेयजल, पर्यटन, शिक्षा, संस्कृति, युवा कल्याण, विद्युत पीएमजीएसवाई, स्वास्थ्य सिंचाई विभाग की घोषणाओं की समीक्षा की और शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मेडिकल कालेज का कार्य भी जल्द पूरा करने को कहा।
डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि सीएम ने जिले में कुल 132 घोषणाएं की हैं। जिनमें से 49 में काम पूरा हो गया है। शेष 83 घोषणाओं पर कार्य प्रगति पर है। जनप्रतिनिधियों ने बैठक में सीवर लाइन का निर्माण, सड़कों के गड्ढे ठीक करने, पेयजल समस्या के निस्तारण को ठोस नीति, वन भूमि हस्तांतरण के मामलों को निस्तारित करने आदि समस्याएं उठाई।
बैठक में उत्तराखंड सर्व संविदा बोर्ड अध्यक्ष (राज्यमंत्री) शमशेर सिंह सत्याल, विशेष कार्याधिकारी सीएम गोपाल सिंह रावत, मीडिया, कोआर्डिनेटर दर्शन सिंह रावत, प्रोटोकॉल अधिकारी आनंद सिंह रावत, एसएसपी पीएन मीणा, सीडीो मनुज गोयल, एडीएम वीएल फिरमाल, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, पूर्व जिलाध्यक्ष गोविंद पिलख्वाल, विपिन भट्ट, कैलाश गुरुरानी, संजय साह रिक्खू, विनीत बिष्ट, डीएफओ केएस रावत, एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, पीडी नरेश कुमार, डीडीओ केके पंत आदि मौजूद थे।