अल्मोड़ा के मुख्य शिक्षा अधिकारी जगमोहन सोनी को शासन ने गिरफ्तारी के 48 घंटे बाद भी निलंबित नहीं किया है। सीईओ को बीते बुधवार को विजिलेंस ने 15 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद शिक्षा निदेशालय ने शासन को उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी है, लेकिन विभागीय सचिव के न होने से अब तक उनका निलंबन नहीं हो पाया है।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोनी ताड़ीखेत में तैनात सहायक अध्यापक नंदन सिंह परिहार ने 28 जनवरी को एसपी विजिलेंस हल्द्वानी को मामले की शिकायत की थी। एसपी विजिलेंस को की शिकायत में उन्होंने कहा कि ताड़ीखेत से पहले वह डोनी ताकुला में तैनात थे। वहां तैनाती के दौरान मिड डे मील बिल वाउचर के संबंध में सीईओ जगमोहन सिंह सोनी ने उनका जवाब तलब किया था।
आरोप है कि बाद में मामले को निपटाए जाने के लिए शिक्षक से 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई। विजिलेंस ने मामले में जाल बिछाकर आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया था। शिक्षा निदेशालय ने बृहस्पतिवार को इस मामले में विभागीय अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी थी। लेकिन शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम के न होने से आरोपी अधिकारी का निलंबन आदेश जारी नहीं हो पाया है।