नाबालिग की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पहुंचे लोग।
- फोटो : amar ujala
पुलवामा में जवानों पर आतंकी हमले के बाद जहां पूरा देश सकते में है, वहीं हमले के बाद सोशल मीडिया पर अल्मोड़ा के एक नाबालिग छात्र की ओर से विवादित टिप्पणी करने से बवाल मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं नाबालिग के इस कृत्य से नाराज लोग थाने पहुंच गए और आरोपी छात्र के खिलाफ देशद्रोह की कार्रवाई करने मांग की।
जानकारी के अनुसार नगर के एक स्कूल में दसवीं में पढ़ने वाले नाबालिग छात्र ने सोशल मीडिया में पुलवामा के आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को लेकर फेसबुक पर विवादित टिप्पणी कर दी जिसे लेकर लोग भड़क उठे और थाने पहुंच गए। मामला तूल पकड़ता देख पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में ले लिया। कोतवाल अरुण वर्मा ने बताया कि पूछताछ में उसने बताया कि वह दसवीं कक्षा का छात्र है। फिलहाल पुलिस की साइबर सेल मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। नाबालिग का मोबाइल जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार यह देखा जा रहा है कि नाबालिग ने पोस्ट स्वयं की या किसी ने उसे प्रेरित किया है। इसके अलावा अन्य कानूनी पहलुओं को भी देखा जा रहा है। वहीं, थाने पहुंचे बजरंग दल, विहिप और छात्र संगठनों ने ऐसे तत्वों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए थाने में तहरीर दी है। देर शाम तक थाने में लोगों का जमावड़ा लगा रहा। इधर, एसएसपी पीएन मीणा ने बताया कि नाबालिग की ओर से की गई टिप्पणी के बारे में जांच की जा रही है। सभी दस्तावेज मंगाए जा रहे हैं, उसी के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने पुलिस को अलर्ट रहने को कहा
अल्मोड़ा। सोशल मीडिया पर टिप्प्णी को लेकर एसएसपी पीएन मीणा ने पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी के निर्देश के बाद पुलिस साइबर सेल ने भी आम लोगों से कानून का पालन करने, शांति व्यवस्था बनाए रखने और सोशल मीडिया में किसी प्रकार की टिप्पणी नहीं करने की सलाह दी है। पुलिस ने किसी भी प्रकार की पोस्ट को सोशल मीडिया में या प्लेटफार्म में शेयर या फारवर्ड करने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी है।