गायन प्रस्तुत करते बाल गायक दक्ष कार्की।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। तीन दिवसीय जागेश्वर महोत्सव रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ संपन्न हो गया। बीते दिन देर रात तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गायक गजेंद्र राणा, खुशी जोशी, गोविंद दिगारी, दक्ष कार्की, गोपाल गोस्वामी, किशन महिपाल, मीना राणा, माया उपाध्याय और बलबीर सिंह राणा आदि लोक गायकों ने अपनी आवाज का जादू बिखेर कर समा बांध दिया। गायकों ने कुमाऊंनी और गढ़वाली गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। बाल गायक दक्ष कार्की मुख्य आकर्षण के केंद्र रहे।
महोत्सव में कई सांस्कृतिक दलों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बाल गायक दक्ष कार्की ने सुन ले दगड़िया, उत्तराणी कौतिक लागी रौ आदि गीतों से लोगों को भाव विभोर कर दिया। इसके अलावा अन्य युवा गायकों ने भी अपनी गायिका का ऐसा जादू बिखेरा कि पंडाल पर मौजूद लोग झूमने लगे।
इससे पूर्व सुबह ध्यान एवं योग कार्यक्रम और उसके बाद कुमाऊंनी परिधान, लोक संस्कृति (झोड़ा, चाचरी, सामाजिक पहलुओं पर आधारित नाटक एवं गीत) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी, चमुवा गांव में साहसिक कार्यक्रम, जागेश्वर जटा गंगा उद्गम स्थल में ट्रैकिंग, साइकिल दौड़ आदि का आयोजन किया गया। इसके अलावा विभिन्न खेल कूद प्रतियोगिताएं भी हुईं।
इधर जागेश्वर महोत्सव के दौरान पहली बार बच्चों ने ऊंट की सवारी का मजा लिया। कार्यक्रमों में एसडीएम मोनिका, प्रबंधक भगवान भट्ट, उपाध्यक्ष गोविंद गोपाल, पुजारी प्रतिनिधि भगवान भट्ट, हरीमोहन भटट, आजीविका प्रबंधक कैलाश भट्ट, डा. अजीत तिवारी आदि उपस्थित थे। संचालन कैलाश डोलिया, बृजेश डसीला और विभु कृष्णा ने किया।
जागेश्वर महोत्सव में कबड्डी खेलती बालिकाएं।- फोटो : ALMORA