अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बृहस्पतिवार को अल्मोड़ा जिले के दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वह विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री जागेश्वर धाम में दर्शन-पूजन के साथ ही श्रावणी मेले का शुभारंभ भी करेंगे। इसके साथ ही वह जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान और हरेला वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत वह 11 बजे जागेश्वर धाम पहुंचेंगे। जागेश्वर धाम में मुख्यमंत्री दोपहर 12:30 बजे तक दर्शन-पूजन, पौधारोपण तथा अन्य आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद पर्यटक आवास गृह में अल्प विश्राम का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। दोपहर 1:05 बजे मुख्यमंत्री अल्मोड़ा के गरुड़ाबाज मैदान पहुंचेंगे, जहां दोपहर 1:05 से 2:20 बजे तक आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम तथा हरेला वृक्षारोपण अभियान में भाग लेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से देहरादून के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की तैयारियां पूरी कर ली हैं। संबंधित विभागों और अधिकारियों को भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।