अल्मोड़ा। पहाड़ की लाइफ लाइन कहे जाने वाले अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर स्थित डेंजर जोन क्वारब से बुधवार को करीब 47 दिनों के लंबे इंतजार के बाद वाहनों का संचालन दोबारा शुरू तो हो गया है लेकिन यात्रियों और चालकों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहाड़ी से रुक-रुक कर गिर रहे मलबे, बोल्डर और हाईवे पर उड़ती धूल के गुबार लोगों की कड़ी परीक्षा ले रहे हैं। यहां चालकों की जरा सी चूक किसी बड़ी अनहोनी को दावत दे सकती है।
संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने बुधवार को क्वारब डेंजर जोन का जमीनी निरीक्षण किया। ग्राउंड रिपोर्ट के मुताबिक क्वारब की पहाड़ी पर मशीनों और मजदूरों के जरिए लगातार सुधारीकरण का काम चल रहा है। पहाड़ी से रह-रह कर बोल्डर और मलबा नीचे आ रहा है जिसे जेसीबी मशीनों की मदद से तुरंत साफ किया जा रहा है। मलबे की सफाई के चलते मार्ग पर वाहनों का संचालन लगातार बाधित हो रहा है और गाड़ियों को रुक-रुक कर सुरक्षित निकाला जा रहा है। मार्ग खुलने के बावजूद अभी भी यहां से गुजरना जोखिम भरा बना हुआ है।
धूल के गुबार से ब्लाइंड स्पॉट बना हाईवे
हाईवे पर चल रहे काम के बीच पानी का छिड़काव न किए जाने से पूरी सड़क पर धूल उड़ रही है। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। वहीं धूल यात्रियों और चालकों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुकी है। हाईवे पर जब कोई बड़ा वाहन गुजरता है तो उसके पीछे उड़ने वाली धूल के कारण पीछे चल रहे चालकों को सामने का कुछ भी दिखाई नहीं देता। इससे आमने-सामने की टक्कर का खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा इस मार्ग से गुजरने वाले दुपहिया वाहन चालक, साइकिल सवार, राहगीर और स्कूली बच्चे इस धूल से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। वहीं उड़ती धूल के कारण लोगों की आंखों में कण जा रहे हैं जिससे देखने में समस्या हो रही है। कई लोगों को सांस लेने में भी तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है।
घरों और दुकानों में जमी धूल की परत
सड़क के किनारे बसे स्थानीय निवासियों और व्यापारियों का जीना भी इस धूल ने मुहाल कर दिया है। आसपास के घर पूरी तरह धूल से पट चुके हैं। दुकानदारों को अपनी दुकानों और सामान की सफाई दिन में कई-कई बार करनी पड़ रही है जिससे उनका व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।
कोट
अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग 109 पर क्वारब को बुधवार को सभी प्रकार के वाहनों के लिए खोल दिया है। आगामी 18 जुलाई तक सभी प्रकार के वाहनों का संचालन इसी मार्ग से होगा। क्वारब बाईपास मार्ग भूस्खलन के चलते सभी प्रकार के वाहनों के लिए 18 जुलाई तक आवागमन के लिए प्रतिबंधित रहेगा। एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं में प्रयुक्त होने वाले वाहन प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे। यदि किसी अन्य वाहन के प्रतिबंधित अवधि में यातायात की अपरिहार्यता हो तो क्षेत्र के संबंधित उप जिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी निर्णय लेने के लिए अधिकृत होंगे। - अंशुल सिंह, जिलाधिकारी और अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अल्मोड़ा
भूस्खलन के खतरे के चलते चौसली वैकल्पिक मार्ग 18 जुलाई तक बंद
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर स्थित डेंजर जोन क्वारब से बुधवार को सभी वाहनों का संचालन दोबारा शुरू हो गया है। इससे अल्मोड़ा से मैदान (हल्द्वानी) और मैदान से अल्मोड़ा आने-जाने वाले यात्रियों और वाहन चालकों ने बड़ी राहत की सांस ली है। वहीं क्वारब-चौसली वैकल्पिक मार्ग चार दिनों तक सभी वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है।
क्वारब में भूस्खलन के बाद बीते 29 मई से एनएच को सभी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई थी। इसके बाद यात्रियों को चौसली-क्वारब वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा था। बीते दिनों हुई बारिश में इस मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन होने से मलबा और बोल्डर आ गए। इसी के चलते प्रशासन की ओर से संभावित खतरे को देखते हुए इस मार्ग को बुधवार से 18 जुलाई तक सभी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है।